September 1, 2026
1sep 9
  • गाड़ी से टक्कर मारकर गिराया, पंचायत में सुलझे विवाद के बाद हमला

हरियाण ब्रेकिंग न्यूज : फतेहाबाद की अनाज मंडी क्षेत्र में एक युवक पर गाड़ी से टक्कर मारकर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घायल युवक की पहचान भोडिया खेड़ा निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना सोमवार दोपहर की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अमित कुमार ने बताया कि वह काम के सिलसिले में फतेहाबाद आया था और अनाज मंडी क्षेत्र में अपनी बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद एसयूवी ने उसकी बाइक का पीछा किया और टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया। गाड़ी से चार युवक डंडे और हथियार लेकर उतरे और अमित पर हमला कर दिया।

एक के पास हथियार भी था

अमित कुमार के अनुसार, हमलावरों में चंद्रपाल और हितेश समेत दो अन्य लोग शामिल थे। अमित ने आरोप लगाया कि चंद्रपाल के पास हथियार भी था और हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। अमित ने बताया कि लगभग 15-20 दिन पहले उनकी पारिवारिक रंजिश को लेकर एक छोटा-मोटा झगड़ा हुआ था, जिसका पंचायत में निपटारा हो गया था।

फैसले के बाद भी कर रहे थे रेकी

आरोप है कि फैसले के बाद से ही आरोपी उसकी रेकी कर रहे थे और फतेहाबाद आने पर मौका देखकर उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी संजय मोरवाल ने बताया कि पड़ताल जारी है।

शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी पारिवारिक रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।