August 21, 2026
21 aug 4
  • सोनीपत में चाय वाले के साथ मिलकर ले रहा था रिश्वत, टीम ने दोनों पकड़े

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के सोनीपत में युवती से छेड़छाड़ के मामले को निपटाने के नाम पर रिश्वत ले रहे एक चाय वाले को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पकड़ लिया। यह चाय की दुकान खरखौदा थाने के ठीक सामने है। टीम ने चाय वाले से 8 हजार रुपए बरामद कर लिए।

पूछताछ में पता चला कि यह रिश्वत थाने के एसआई हरिप्रकाश के कहने पर ली जा रही थी। इसी दौरान एसआई को भी एसीबी की रेड की भनक लग गई। पकड़े जाने के डर से वह तुरंत थाने की छत पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगा दी। इसमें उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

एसआई के इस कदम से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। तुरंत घायल एसआई को उठाकर अस्पताल ले जाया, जहां उसका इलाज जारी है। एसीबी टीम अब चाय वाले से पूछताछ कर रही है कि यह मिलीभगत का खेल कब से चल रहा था। शिकायत कर्ता के मामले की वास्तविक जांच अधिकारी लेडी एसआई की भूमिका भी चेक की जा रही है।

पारिवारिक विवाद में रिश्वत मांगी : एसीबी टीम के अनुसार, सिसाना गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया था कि उसके भाई के खिलाफ थाना खरखौदा में एक युवती से छेड़छाड़ के संबंध में शिकायत दी गई थी। मामले में राजीनामा कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने से बचाने की एवज में एआई हरिप्रकाश द्वारा ₹20,000 की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में यह राशि ₹8,000 में तय हुई।शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने मामले की सूचना एसीबी को दी।

शिकायत के बाद ACB ने बनाया ट्रैप : शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि और बातचीत की रिकॉर्डिंग के बाद टीम ने रिश्वत लेते आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। शिकायतकर्ता को आठ हजार रुपए देकर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।

चाय की दुकान पर देनी थी रकम : एसीबी टीम के अनुसार, रिश्वत की रकम थाना खरखौदा के सामने स्थित चाय की दुकान पर देने के लिए कहा गया था। शिकायतकर्ता ने चाय दुकानदार राकेश को 8 हजार रुपए दिए। रकम दिए जाने के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर ही चाय दुकानदार को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया।

रेड की भनक लगने पर SI ने लगाई छलांग : चाय दुकानदार के पकड़े जाने और एसीबी की कार्रवाई की भनक लगते ही सब इंस्पेक्टर हरिप्रकाश थाना परिसर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया। इसके बाद उसने वहां से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके दोनों पैरों में चोट आई। अंधेरा होने की वजह से काफी देर तक वह किसी को दिखाई नहीं दिया। बाद में वह जनरेटर के पीछे दर्द से करहाता पाया गया तो उसे सिविल अस्पताल खरखौदा पहुंचाया गया।

2016 में भी रिश्वत लेने का आरोप लग चुका

सब इंस्पेक्टर हरिप्रकाश पर इससे पहले भी रिश्वत लेने का आरोप लग चुका है। वर्ष 2016 में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, राई चौकी के इंचार्ज रहते हुए उस पर 3,500 रुपए मासिक रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। उस मामले में विजिलेंस ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।

जांच अधिकारी की भूमिका भी चेक कर रही एसीबी

एसीबी टीम का कहना है कि मामले में चाय वाले राकेश और एसआई हरि प्रकाश को अरेस्ट कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। बताया कि शिकायत कर्ता के मामले की इन्वेस्टिगेशन सविता को सौंप दी गई थी। सविता को अचानक किसी काम के लिए जाना पड़ा तो जिम्मेदारी हरि प्रकाश को देकर गई थी। इस पूरे षडयंत्र में एसीबी सविता की भूमिका को भी चेक करेगी।