- गोदारा-भाऊ गैंग से कनेक्शन की जांच जारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के घर हुई करीब सवा 3 करोड़ रुपए की लूट के बाद बदमाशों ने पुलिस से बचने के लिए सामान अलग-अलग जगह छिपाया। वारदात के बाद चारों आरोपी हिमाचल प्रदेश के कुल्लू पहुंचे। इनमें से तीन ने वारदात के दिन पहने कपड़े कुल्लू में छिपा दिए।
चौथे आरोपी साहिल ने वारदात में इस्तेमाल ओरा कार सोनीपत में खड़ी की। लूट का सामान आपस में बांटकर अलग-अलग जगह छिपाया गया। पुलिस अब सामान की बरामदगी के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की रकम और अन्य सामान किस-किस के पास पहुंचा। पुलिस ने चारों आरोपियों को 9 दिन के रिमांड पर लिया है।
चार पकड़े, गिरोह की दो और कड़ियां बाहर
लूट के मामले में पुलिस कमल, साहिल, प्रिंस और अंश जैन उर्फ लाला को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि पुलिस को कमल के भाई समेत 2 और आरोपियों तलाश है। पुलिस आारोपियों के संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। साथ ही सामान की बरामदगी के लिए उनसे निशानदेही करवाई जाएगी।
कैंसर वाली बात निकली झूठी
लूट के दौरान कमल ने पिछली चोरी की वारदात को कबूल किया था और हमदर्दी लेने के लिए मां के कैंसर पीड़ित और खुद की जान बचाने के लिए अलग-अलग कहानी सुनाई थी। कमल ने अपनी कैंसर पीड़ित मां के इलाज में पैसा खर्च होने की बात कही थी। कमल की कैंसर वाली बात झूठ निकली।
इसके अलावा कमल ने एडवोकेट वालिया को गोदारा और भाऊ गैंग को 20-20 लाख रुपए देकर अपनी जान बचाने की बात कही थी। पुलिस ने जींद, सोनीपत व पानीपत में कैंसर पीड़ित महिलाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई। लेकिन चारों आरोपियों के परिवार में अब तक ऐसी कोई महिला नहीं मिली। गैंग को पैसे देने की बात की जांच भी पुलिस करेगी।
झज्जर जेल तक पहुंची पुलिस जांच
पूछताछ के दौरान पुलिस को करीब साढ़े चार माह पुरानी चोरी की भी कड़ी मिली। 20 मार्च को इसी घर में हुई चोरी को लेकर पूछताछ आगे बढ़ी तो जांच झज्जर जेल में बंद एक आरोपी तक पहुंच गई। यह आरोपी अपहरण के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा काट रहा है।
पुलिस उसकी आपराधिक कुंडली खंगाल रही है और उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है। फिलहाल पुलिस उसका नाम उजागर नहीं कर रही। सामने बैठाकर पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पुरानी चोरी में उसकी क्या भूमिका थी और क्या उसका लूट के आरोपियों से भी कोई संपर्क रहा है।
आरोपियों पर पहले ही केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, कमल के खिलाफ झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम और पानीपत में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और लूट समेत 7 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह हत्या के प्रयास के एक मामले में सजा भी काट चुका है। वह झज्जर जेल में बंद रहा और एक बार पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार भी हुआ था।
सोनीपत निवासी साहिल के खिलाफ झज्जर और सोनीपत में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट समेत 4 और पानीपत के प्रिंस के खिलाफ सोनीपत में आर्म्स एक्ट का मामला है। अंश जैन उर्फ लाला के खिलाफ सोनीपत और दिल्ली में आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। अब पुलिस की जांच का अगला फोकस लूट का पूरा सामान बरामद करने पर है।