August 1, 2026
1 aug 6
  •  बायो गैस प्लांट के मुद्दे पर भी उठाई जाएगी आवाज

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : जींद जिले में गन कल्चर, नशा और अश्लीलता के खिलाफ खापों ने मोर्चा खोल दिया है। 9 अगस्त को गांव कंडेला के ऐतिहासिक चबूतरे पर एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इन सामाजिक बुराइयों और रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के मुद्दे पर आवाज उठाई जाएगी।

इस महापंचायत में जींद जिले की 25 खापों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वे सरकार से इन गंभीर मसलों का तत्काल समाधान निकालने की मांग करेंगे। महापंचायत के संदर्भ में शुक्रवार को जींद की जाट धर्मशाला में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला ने मौजूदा सामाजिक चुनौतियों पर कड़ा रुख अपनाया।

ओमप्रकाश कंडेला ने सोशल मीडिया पर बढ़ते अश्लील प्रदर्शन, गानों में गन कल्चर का महिमामंडन, नशे के बढ़ते चलन और जींद के गोहाना रोड से सटे रिहायशी क्षेत्र में स्थापित बायो गैस प्लांट को लेकर चिंता व्यक्त की।

गन कल्चर को लेकर सरकार आंख बंद किए हुए : ओमप्रकाश

कंडेला खाप प्रधान ओमप्रकाश कंडेला ने सवाल उठाया कि जब समाज और लोगों की जिंदगी के लिए खतरा स्पष्ट दिख रहा है, तो सरकार इस पर आंखें क्यों मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि समाज और लोगों की जिंदगी को बचाने के लिए ही 9 अगस्त को खाप पंचायत महत्वपूर्ण निर्णय लेंगी।

कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला, जगत सिंह रेढू, रघुबीर भारद्वाज ने कहा कि पिछले दिनो महम में खापों की एक अहम पंचायत हुई थी। इस पंचायत में सामाजिक बुराईयों को दूर करने के लिए अलख जगाई गई थी। इसी कड़ी में जींद जिले की तमाम खाप 9 अगस्त को गांव कंडेला के ऐतिहासिक चबुतरे पर महापंचायत करके अहम निर्णय लेंगी।

इन निर्णयों को धरातल पर लागू करने के लिए गांव-गांव पहुंचकर कार्य किया जाएगा। महापंचायत में गंद-गन कल्चर और नशे के साथ-साथ जींद के रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के मसले पर अहम चिंतन करके समाधान के लिए रणनीति बनाई जाएगी।

समाज को सशक्त करेगी कंडेला खाप की मुहिम : एडवोकेट रणधीर सिंह

एडवोकेट रणधीर सिंह रेढू ने कहा कि कंडेला खाप की मुहिम निश्चित तौर पर समाज को सशक्त करेगी। जिन मसलो को लेकर यह महापंचायत हो रही है निश्चित तौर पर उनका समाधान होगा।

इस दौरान कंडेला खाप के संरक्षक ईश्वर लोहचब, वरिष्ठ उप प्रधान रघुवीर भारद्वाज, प्रेस प्रवक्ता जगत सिंह रेढू, कानूनी प्रकोष्ठ चेयरमेन एडवोकेट रणधीर सिंह रेढू, प्रधान महासचिव राज सिंह रेढू, साधुराम शाहपुर, अजमेर दालमवाला, राजबीर लोहचब, रमेश कंडेला, रघबीर कंडेला मुख्य रूप से मौजूद थे।