July 27, 2026
27 july 17
  • कई घंटे बैठाकर तड़पाया, ACP बोले-SHO पर FIR करेंगे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  फरीदाबाद में थाने से लौटने के कुछ घंटे बाद 60 वर्षीय बिजलीकर्मी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि 2017 के एक पुराने मामले में पुलिस ने उन्हें कई घंटे थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, पानी तक नहीं पीने दिया और गिरफ्तारी की धमकी दी।

घटना के बाद निजी अस्पताल से शव को लेकर पहुंचे परिजनों और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। परिजन शव को पुलिस कमिश्नर कार्यालय ले जाकर रखने की बात पर अड़ गए।

परिजनों ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद एसीपी ने खेड़ी पुल थाना प्रभारी के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में ले जाया गया।

2017 के बिजली हादसे का केस देख रहे थे सतीश

मृतक की पहचान जनकपुर गांव निवासी सतीश कुमार (60) के रूप में हुई है। वह पावर ग्रिड कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत थे और अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वर्ष 2017 में खेड़ी थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इस मामले में कंपनी पर लापरवाही का केस दर्ज हुआ था और कंपनी की ओर से कोर्ट व थाने से जुड़े कानूनी काम सतीश कुमार ही देख रहे थे।

परिजनों का आरोप- कई घंटे थाने में बैठाकर रखा

परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से सतीश कुमार को इसी पुराने मामले में लगातार नोटिस भेजकर खेड़ी पुल थाने बुलाया जा रहा था। शनिवार को भी उन्हें सुबह करीब 10 बजे बुलाया गया और शाम करीब 6 बजे तक थाने में बैठाए रखा गया। बेटे विवेक का आरोप है कि इस दौरान उनके पिता के साथ मानसिक रूप से प्रताड़ना की गई, पानी तक नहीं पीने दिया गया, बाथरूम जाने से रोका गया और लगातार पूछताछ के दौरान सोमवार को गिरफ्तार करने की धमकी दी गई।

बेटे ने SHO को ठहराया जिम्मेदार

विवेक का कहना है कि शनिवार रात घर लौटने पर उनके पिता बेहद तनाव में थे। उन्होंने परिवार को बताया कि पुलिस ने उन्हें काफी परेशान किया और गिरफ्तारी की बात कही। बेटे का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण रविवार सुबह उन्होंने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवेक ने खेड़ी पुल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह को सीधे तौर पर अपने पिता की मौत का जिम्मेदार ठहराया। उसका यह भी दावा है कि जिस मामले में दूसरा पक्ष मुआवजे के लिए तैयार था, उसमें भी उनके पिता को बार-बार थाने बुलाया जा रहा था।

SHO पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा

घटना के बाद परिजन सतीश कुमार को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को बादशाह खान सिविल अस्पताल लाया गया। यहां परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करते हुए खेड़ी पुल थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।

पुलिस के आश्वासन के बाद पोस्टमॉर्टम को हुए तैयार

सिविल अस्पताल में पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। परिजन शव को पुलिस कमिश्नर कार्यालय ले जाने की बात कहने लगे। बाद में पुलिस अधिकारियों ने शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन मान गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेजा गया।

ACP बोले- शिकायत पर होगी निष्पक्ष जांच

एसीपी मुजेसर पंकज कुमार ने बताया कि सतीश कुमार द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर खेड़ी पुल थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।