July 27, 2026
27 july 4
  • 8 महीने पहले ₹1.55 करोड़ में खरीदी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  देशभर में पेट्रोल में 20% एथेनॉल (E20) को लेकर माइलेज कम होने, इंजन में खराबी और मेंटेनेंस खर्च बढ़ने जैसे दावे किए जा रहे हैं। इसी बीच, हरियाणा के रहने वाले पंजाबी सिंगर रेशम सिंह अनमोल का एक वीडियो चर्चा में है। वीडियो में वह 8 महीने पहले खरीदी अपनी करीब 1.55 करोड़ रुपए की नई डिफेंडर-110 के अचानक रास्ते में बंद होने का किस्सा शेयर कर रहे हैं। उनका कहना है कि गाड़ी को कंपनी के सर्विस सेंटर भेजा गया, जहां उन्हें बताया गया कि खराब पेट्रोल की वजह से उसका फ्यूल पंप खराब हो गया।

रेशम सिंह अनमोल कहते हैं, “मैंने सामान्य पेट्रोल (E20) डलवाना बंद कर दिया है। अब तक छह-सात पेट्रोल पंपों पर जा चुका हूं, लेकिन कहीं भी हाई-स्पीड पेट्रोल XP95 या XP100 नहीं मिला। सरकार ऐसी लिस्ट जारी करे, जिससे लोगों को पता चल सके कि किन-किन पेट्रोल पंपों पर यह पेट्रोल उपलब्ध है, क्योंकि यह परेशानी सिर्फ मुझे नहीं, कई लोगों को हो रही है।”

 बातचीत में रेशम सिंह अनमोल के भाई डॉ. निर्मल सिंह नकटपुर ने पुष्टि की कि यह वीडियो चार दिन पहले दिल्ली जाते समय बनाया गया था। उस दिन डिफेंडर में हाई-स्पीड पेट्रोल डलवाने में दिक्कत आई थी। अनमोल कई पेट्रोल पंपों पर गए, लेकिन उन्हें कहीं भी XP95 या XP100 पेट्रोल नहीं मिला।

 

चलते-चलते गाड़ी बंद हुई: रेशम सिंह अनमोल ने वीडियो में कहा, “सत श्री अकाल दोस्तों। यह बिल्कुल नई गाड़ी है और इसकी सिर्फ एक सर्विस हुई है। चलते-चलते गाड़ी अचानक बंद हो गई। मैंने कंपनी को फोन किया तो उन्होंने कहा कि आजकल फ्यूल से जुड़ी समस्या आ रही है, इसलिए गाड़ी चेक करवा लीजिए। जब गाड़ी कंपनी के सर्विस सेंटर भेजी तो वहां बताया गया कि फ्यूल पंप खराब हो गया है और उसे बदलना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह खराब फ्यूल की वजह से हुआ है।”

नॉर्मल पेट्रोल डलवाना बंद कर दिया: अनमोल ने कहा, “मैंने इस गाड़ी में करीब 70% XP95 हाई-स्पीड पेट्रोल ही डलवाया है। फ्यूल पंप खराब होने के बाद मैंने नॉर्मल पेट्रोल डलवाना बंद कर दिया। अब जब किसी पेट्रोल पंप पर जाकर XP100 मांगते हैं तो जवाब मिलता है कि वह उपलब्ध नहीं है। फिर XP95 मांगते हैं तो वह भी नहीं मिलता।”

सरकार पेट्रोल पंपों की लिस्ट जारी करे: रेशम सिंह अनमोल ने कहा, “मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि ऐसी लिस्ट जारी करे, जिससे लोगों को पता चल सके कि किन-किन पेट्रोल पंपों पर हाई-स्पीड पेट्रोल मिलता है। मैं छह-सात पेट्रोल पंपों पर जा चुका हूं, लेकिन कहीं भी हाई-स्पीड पेट्रोल नहीं मिला। XP100, जिसे बिल्कुल शुद्ध पेट्रोल बताया जाता है, वह तो किसी भी पंप पर उपलब्ध नहीं मिला।”

कई लोगों को आ रही है यह परेशानी: अनमोल ने कहा अगर किसी और को भी ऐसी समस्या आई है तो हमें जरूर बताइए। कंपनी के लोगों ने भी मुझसे कहा कि कई और लोगों को ऐसी दिक्कत आ चुकी है। मेरी सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों से अपील है कि लोगों की सुविधा के लिए ऐसी सूची जारी की जाए, जहां से अच्छी गुणवत्ता वाला पेट्रोल मिल सके।

बाढ़ के पानी में फिसल गई थी रेंज रोवर स्पोर्ट्स

रेशम सिंह अनमोल के बड़े भाई और नंबरदार डॉ. निर्मल सिंह नकटपुर ने बताया कि पहले अनमोल के पास रेंज रोवर स्पोर्ट्स थी। साल 2025 में पंजाब में आई बाढ़ के दौरान वह इसी गाड़ी से राहत और सेवा कार्य के लिए गए थे। गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में एक दिन पेड़ की टहनी गाड़ी पर गिर गई। इसके कुछ दिन बाद गाड़ी फिसलकर बाढ़ के पानी में चली गई।

नवंबर 2025 में 1.55 करोड़ रुपए में खरीदी नई गाड़ी

नकटपुर ने बताया कि रेंज रोवर बेचने के बाद 7 नवंबर 2025 को अनमोल ने सफेद रंग की डिफेंडर-110 खरीदी। सभी खर्च मिलाकर इसकी कीमत करीब 1.55 करोड़ रुपए पड़ी। अनमोल को आमतौर पर ट्रैक्टर ज्यादा पसंद हैं, लेकिन यह गाड़ी उन्होंने बड़े शौक से खरीदी थी।

शो पर जाते समय रास्ते में बंद हुई गाड़ी

27 मई 2026 को अनमोल अपनी टीम के साथ एक शो के लिए जा रहे थे। रास्ते में डिफेंडर चलते-चलते अचानक बंद हो गई। उन्होंने तुरंत कंपनी से संपर्क किया। कंपनी ने उन्हें एक घंटे तक गाड़ी स्टार्ट नहीं करने की सलाह दी। करीब एक घंटे बाद गाड़ी को दादा मोटर्स, चंडीगढ़ ले जाया गया। जांच में पता चला कि फ्यूल पंप खराब हो गया है, जिसे बाद में बदल दिया गया।

जंतर-मंतर जाते समय नहीं मिला हाई-स्पीड पेट्रोल

चार दिन पहले अनमोल छात्रों के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने में समर्थन और सेवा देने के लिए चंडीगढ़ से दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने पांच पेट्रोल पंपों पर हाई-स्पीड पेट्रोल (XP100) तलाशा, लेकिन कहीं भी नहीं मिला। काफी परेशानी के बाद उन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।