- CM सैनी बोले-DBT से सीधे पहुंचा पैसा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए राज्य के लाखों लाभार्थियों को बड़ी सौगात दी। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आज विभिन्न 19 योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 460 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1582 करोड़ 16 लाख रुपए सीधे ट्रांसफर किए हैं।
उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि भेजना सरकार की पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सीएम ने कहा कि आज 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 1121 करोड़ 39 लाख रुपए की राशि सीधे भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी
सीएम ने कार्यक्रम के दौरान दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 9 लाख 98 हजार बहनों और बेटियों के बैंक खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। सीएम ने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 9 किस्तों में कुल 1832 करोड़ 69 लाख रुपए लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।
दयालु योजना के तहत 3295 परिवारों को मिली मदद
सीएम ने बताया कि दयालु योजना के तहत आज 3295 परिवारों को 125 करोड़ 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही इस योजना के तहत अब तक 77 हजार 330 परिवारों को 2918 करोड़ 42 लाख रुपए की सहायता जारी की जा चुकी है।
5.16 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर सब्सिडी
सीएम ने बताया कि गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 5 लाख 16 हजार महिलाओं के बैंक खातों में मई माह की 18 करोड़ 97 लाख रुपए की सब्सिडी भी जारी की गई है। अब तक 14 लाख 43 हजार पात्र महिलाओं को इस योजना के तहत 320 करोड़ 97 लाख रुपए की सब्सिडी सीधे खातों में भेजी जा चुकी है।
PM आवास योजना ग्रामीण के तहत 107 करोड़ जारी
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20 हजार 165 पात्र लाभार्थियों के मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक 827 करोड़ 22 लाख रुपए की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
सीएम के अनुसार, प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अब तक 76 हजार 466 मकानों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से 41 हजार 260 मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 35 हजार 206 मकानों का निर्माण कार्य जारी है।
CM बोले- पारदर्शी व्यवस्था से सीधे मिल रहा लाभ
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्था के जरिए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि DBT प्रणाली ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर रोक लगाने के साथ-साथ लोगों का सरकार पर भरोसा भी मजबूत किया है।