July 9, 2026
9 july 6
  • DEO-DEEO को तैयारियों के निर्देश

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब प्रदेशभर के SMC (विद्यालय प्रबंधन समितियों) से संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, स्कूलों के प्रभावी संचालन एवं प्रबंधन आदि विषयों को लेकर चर्चा करेंगे। वहीं 19 जुलाई को होने वाले इस संवाद की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर के सभी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) व जिला परियोजना समन्वयक को तैयारियों के निर्देश दिए हैं।

वहीं भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा एसएमसी से संवाद किया जाएगा। जिसको लेकर समय रहते तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान शिक्षा व स्कूलों संबंधित विषय को लेकर चर्चा की जाएगी।

19 को संवाद करेंगे ऑनलाइन संवाद

19 जुलाई को सीएम नायब सैनी राज्य की सभी SMC से ऑनलाइन संवाद करेंगे। इसको लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं।

जिसमें कहा गया है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों के प्रभावी संचालन एवं प्रबंधन तथा सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने में विद्यालय प्रबंधन समितियों (SMC) की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए 19 जुलाई को सीएम राज्य की सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ राज्य स्तरीय ऑनलाइन संवाद करेंगे।

गुणवत्तापूर्ण अधिगम व छात्र उपस्थिति पर होगी चर्चा

इसमें मुख्यमंत्री एसएमसी सदस्यों के साथ विद्यालय विकास, गुणवत्तापूर्ण अधिगम, छात्र उपस्थिति, सुरक्षित एवं स्वच्छ विद्यालय वातावरण, सामुदायिक सहभागिता तथा विकसित हरियाणा-2047 के निर्माण में एसएमसी की भूमिका जैसे विषय पर चर्चा करेंगे। वीसी के माध्यम से सभी विद्यालयों के एसएमसी सदस्य जुड़कर संवाद में सम्मलित होंगे।

जिला स्तरीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी अपने जिले की एक एसएमसी का चयन करके सूचना दें। साथ ही एसएमसी सदस्य वही जुड़ेंगे ताकि दो तरफा संवाद में भाग ले सकें। इसलिए एसएमसी सदस्यों की उपस्थिति, तकनीकी व्यवस्था एवं कार्यक्रम संबंधित आवश्यक तैयारियां समय से करें।