September 22, 2026
18 june 9
  • 50 KM/H की रफ्तार से हवाएं चलेंगी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार में गुरुवार दोपहर बाद बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही सिरसा में तेज बारिश के साथ जमकर ओले पड़े। मौसम विभाग ने 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक लगातार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से भीषण गर्मी और लू से भी राहत मिली है। प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (आंधी) चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी है।

23 जून तक मौसम बदलता रहेगा

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में मौसम 23 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई और हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है।

पहाड़ों की तरफ बढ़ेगा पश्चिमी विक्षोभ

इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इससे 18 जून की रात से 20 जून के दौरान हरियाणा राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

22 व 23 को एक और विक्षोभ आएगा

इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जून के दौरान भी राज्य में कहीं कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। इस दौरान राज्य में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, मगर रात में तापमान में गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है।