- ₹4 करोड़ का कराया निवेश
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : NASA से जुड़े उत्पादों के छह देशों में बिक्री अधिकार होने का दावा करके चार करोड़ रूपए से ज्याया निवेश कराने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया हे। इतना ही नहीं आरोपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, बाबा रामदेव और अन्य नामी हस्तियों के साथ तस्वीरें दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता। यमुनानगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत येस वर्ल्ड, इनफ्लेक्टर इंडिया ओर बिग विसन कंपनी से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद थाना शहर यमुनानगर में धारा 420, 406 और 120-बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीएम-सीएम के साथ फोटो दिखाकर जीता भरोसा
शिकायतकर्ता त्रिलोचन सिंह निवासी लक्ष्मी नगर ने आरोप लगाया कि 2022 में शाहाबाद निवासी धीरज सैनी और धरमवीर वर्मा ने उसे येस वर्ल्ड कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने दावा किया कि कंपनी ग्रीन एनर्जी, कार्बन क्रेडिट और “सेव अर्थ मिशन” पर काम कर रही है तथा निवेशकों को अत्यधिक रिटर्न मिलेगा।
शिकायत के अनुसार बाद में उसे जिरकपुर स्थित कंपनी कार्यालय ले जाया गया, जहां कंपनी के को-फाउंडर डॉ. संदीप चौधरी ने विभिन्न सेमिनारों के वीडियो और प्रस्तुतियां दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
पीड़ित ने कहा संदीप चौधरी ने दावा किया था कि उनकी कंपनी के पास NASA द्वारा विकसित इनफ्लेक्टर उत्पादों को छह देशों में बेचने का विशेष अधिकार है। इसी दौरान निवेशकों को ऐसे ब्रोशर और प्रचार सामग्री भी दिखाई गई, जिनमें संदीप चौधरी की तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बाबा रामदेव, जनरल वीके. सिंह और अन्य चर्चित हस्तियों के साथ दिखाई गई थीं।
अलग-अलग लोगों से कराया निवेश
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन तस्वीरों और दावों को देखकर उसका भरोसा बढ़ा और उसने बड़ी रकम निवेश कर दी। आरोप है कि अप्रैल 2022 से दिसंबर 2023 के बीच शिकायतकर्ता ने विभिन्न खातों और माध्यमों से 15 लाख रुपये से अधिक की राशि निवेश की। बाद में कंपनी से भुगतान बंद हो गया और निवेश की गई रकम वापस नहीं मिली।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि केवल उसके साथ ही नहीं बल्कि कई अन्य लोगों के साथ भी बड़े स्तर पर ठगी हुई। शिकायत के अनुसार वरुण चौहान से करीब 50 लाख रुपये, रुपिंदर सिंह से 30 लाख रुपये, राहुल गोयल से 7 लाख रुपये, लक्ष्मी देवी से 20 लाख रुपये, अरुण कुमार से 85 लाख रुपये, हरदीप धीमान और उसके साथियों से लगभग 37 लाख रुपये तथा सरबजोत सिंह उर्फ बाबा से करीब 62 लाख रुपये की रकम निवेश के नाम पर ली गई।
अलग-अलग स्थानों पर होते थे सेमिनार
शिकायतकर्ता ने अपने साथ लगभग 35 लाख रुपये, परिवार के साथ करीब 36 लाख रुपये तथा रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ लगभग 50 लाख रुपये की ठगी होने का आरोप लगाया है। इसके अलावा कंपनी का नाम बदलकर Big Vision किए जाने के बाद 27 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 24.30 लाख रुपये) के गबन का भी आरोप लगाया गया है। इस प्रकार 4 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी हुई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि निवेशकों को जिरकपुर, जयपुर, अहमदाबाद और अन्य स्थानों पर आयोजित सेमिनारों में बुलाया जाता था, जहां बड़े मुनाफे और अंतरराष्ट्रीय कारोबार के दावे किए जाते थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कंपनी ने लोगों को आकर्षित करने के लिए बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित किए और प्रभावशाली व्यक्तियों के साथ तस्वीरों का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने जांच के उपरांत शाहाबाद निवासी धीरज सैनी, धरमवीर वर्मा, इन्फ्लेक्टर इंडिया एवं यस वर्ल्ड के सह-संस्थापक डॉ. संदीप चौधरी, बिग विजन के संस्थापक सदस्य रतन त्यागी तथा यस वर्ल्ड के संस्थापक सदस्य अमित यादव के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।