- चार दिन से अंधेरे में गांव, आंदोलन की चेतावनी दी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार जिले के बालसमंद क्षेत्र में 4 दिन से बिजली और पानी के संकट से परेशान ग्रामीणों ने हिसार-भादरा मुख्य मार्ग को धीरनवास के निकट जाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन क्षेत्र में आई तेज आंधी और बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण किया गया।
4 दिन पहले आई आंधी और बारिश के कारण 500 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए थे। इसके परिणामस्वरूप धीरनवास, रावलवास खुर्द, टोकस, पातन और हिन्दवान सहित आसपास के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को पेयजल की गंभीर समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
जाम से यात्रियों को हुई असुविधा
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं कर रहा है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने हिसार-भादरा रोड पर धरना देकर यातायात बाधित कर दिया।
रोड जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया।
समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था को युद्ध स्तर पर बहाल किया जाए और प्रभावित गांवों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
वहीं, एसडीओ धर्मवीर ने बताया कि क्षेत्र में बिजली समस्या के समाधान के लिए कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति आज सुचारू कर दी जाएगी।