June 12, 2026
12 june 3
  • टोहाना में कार दबी, 10 जिलों में अलर्ट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गुरुवार-शुक्रवार आधी रात के बाद मौसम ने बड़ी करवट ली। कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। पेड़-खंभे टूटकर सड़कों पर गिर गए। फतेहाबाद में टूटे पेड़ों से सड़कें जाम हो गईं। टोहाना में 10 फीट ऊंची दीवार कार पर गिर गई। कुरुक्षेत्र में मकान की छत गिरने से मलबे में एक व्यक्ति दब गया।

इससे पहले सिरसा, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज (12 जून) भी आंधी- बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 22 जिलों में मौसम खराब रहेगा। ओलावृष्टि और 80 KM/H की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 13 जून से मौसम में थोड़ा सुधार होगा, लेकिन 15 जून के बाद ही मौसम साफ होगा।

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद जैसे उत्तर और पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट है। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी में 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।

जानिए तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
कल 15 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा

13 जून को मौसम थोड़ा साफ रहेगा। उत्तर पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और दक्षिणी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। हालांकि, पश्चिमी और मध्य हरियाणा के लगभग 15 जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में येलो अलर्ट रहेगा। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें गिर सकती हैं।

14 और 15 जून को कुछ इलाकों में बारिश होगी

मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में येलो अलर्ट रहेगा। बाकी पूरे हरियाणा में पूरी तरह साफ रहेगा। 15 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद के कुछ इलाकों में आंधी-बारिश का मामूली असर दिख सकता है, जबकि दक्षिणी और पूर्वी हरियाणा में मौसम साफ रहेगा।