- खेल प्रतियोगिताओं से पहले विभाग सख्त
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 30 जून तक स्पोर्ट्स फंड जमा ना जमा कराने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग के द्वारा फंड के जमा ना कराने पर स्कूलों के एमआईएस पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में 700 स्कूलों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
15 जुलाई से प्रतियोगिताएं शुरू
प्रदेशभर में 15 जुलाई से ब्लॉक और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, इन्ही के आधार पर राज्य स्तरीय टीमों का चयन किया जाएगा, जो आगे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगी। खेलों की तैयारियों को देखते हुए विभाग ने जून की शुरुआत में सभी स्कूलों को स्पोर्ट्स फंड जमा कराने के निर्देश जारी किए थे। हालांकि फरीदाबाद जिले के करीब 700 स्कूलों में से अभी तक किसी भी स्कूल ने फंड जमा नहीं कराया है। अन्य जिलों से भी इसी तरह की रिपोर्ट सामने आ रही हैं।
विभाग पर पडे़गा सीझा बोझ
विभाग के अनुसार ब्लॉक, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में होने वाला खर्च स्पोर्ट्स फंड से पूरा किया जाता है। फंड जमा नहीं होने के कारण इसका बोझ सीधे शिक्षा विभाग पर पड़ता है।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
सहायक खेल शिक्षा अधिकारी हरवीर अधाना ने बताया कि हाल में ही प्रदेश के सभी सहायक खेल शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 30 जून तक फंड जमा नहीं कराने वाले स्कूलों की सूची तैयार कर मुख्यालय भेजी जाए। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सभी स्कूलों को विभाग के निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। यदि तय समय सीमा तक फंड जमा नहीं होता है, तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।