- PM करेंगे अध्यक्षता, राज्य में केंद्रीय योजनाओं का रिव्यू होगा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : नई दिल्ली में आज एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री परिषद की अहम बैठक होगी। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत एनडीए शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक में केंद्र और राज्यों के बीच चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
हरियाणा में लागू केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री से इन योजनाओं के क्रियान्वयन की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ले सकते हैं।
चुनावी राज्यों से फीडबैक लेंगे पीएम
इसके अलावा बैठक में उन राज्यों की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है, जहां अगले वर्ष चुनाव प्रस्तावित हैं। इस दौरान संगठनात्मक रणनीतियों और जमीनी फीडबैक पर भी विचार किया जाएगा। यह दौरा हरियाणा के लिए दोहरे लिहाज से अहम है। NDA की बैठक से राजनीतिक मजबूती मिलेगी, वहीं नीति आयोग की बैठक में राज्य के विकास कार्यों को केंद्र की मदद से रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल बैठक
11 जून सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री नायब सैनी राष्ट्रपति भवन के कल्चर सेंटर में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल शामिल होते हैं। इस बार बैठक का मुख्य फोकस ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जमीन पर उतारना है।
हरियाणा का रोडमैप रखेंगे सीएम
CM सैनी इस बैठक में हरियाणा के विकास का रोडमैप रखेंगे। उम्मीद है कि वे कृषि सुधार, जल संरक्षण, औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र से ज्यादा मदद मांगेंगे। SYL नहर और चंडीगढ़ जैसे अंतर-राज्यीय मुद्दे भी उठ सकते है। दो दिन के व्यस्त कार्यक्रम के बाद CM नायब सैनी शुक्रवार सुबह 10 बजे दिल्ली से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।