- 11 से 13 जून तक आंधी-बारिश
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में तीन दिन तक चली आंधी और बारिश के बाद मौसम भले ही सुहावना हो गया हो, लेकिन अब प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने वाला है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी शुष्क हवाएं चलने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रोहतक में रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार 42.4 डिग्री, नूंह और सिरसा 41.4 डिग्री तथा अंबाला 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे।
आज 7 जिलों में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा।
11 जून से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 10 जून तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इसके बाद 11 से 13 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट
11 से 13 जून के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने और धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। उन्होंने किसानों और आम लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।