- उत्पाद जलकर खाक, सुरक्षित बाहर निकाले वर्कर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में अंबाला के मंडोर स्थित जिंदल पेट्रो के गोदाम में सोमवार सुबह करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में पेट्रोलियम उत्पाद, तेल और केमिकल से जुड़ा सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तेजी से पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही नजर आ रही थीं और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
फायर कर्मियों को करना पड़ा संघर्ष
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि कर्मियों को गोदाम के पास जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी रहा।
कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला बाहर
एहतियात के तौर पर गोदाम में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। आग की इस घटना में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गोदाम में मौजूद पेट्रोलियम और केमिकल से जुड़े उत्पाद पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
आग लगने का कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।