हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में ईद-उल-जुहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी की तारीख बदलने को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। नूंह से कांग्रेस विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता आफताब अहमद ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को पत्र लिखकर 27 मई 2026 की बजाय 28 मई 2026 को अवकाश घोषित करने की मांग की है।
आफताब अहमद ने इसको लेकर अपने X अकाउंट से एक पोस्ट भी की है। जिस पर उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव से बातचीत कर मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने दावा किया कि चांद दिखने की पुष्टि और अधिकृत हिलाल कमेटी के फैसले के बाद ईद-उल-जुहा 28 मई को मनाई जाएगी।
MLA ने लेटर में ये लिखा
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार भी 27 मई की जगह 28 मई 2026 को ईद की छुट्टी घोषित कर चुकी है। ऐसे में हरियाणा सरकार को भी राज्य में अवकाश की तारीख बदलनी चाहिए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।