April 28, 2026
28 april 9
  • गवर्नर से मांगा था टाइम, आज मिलेगी टीम

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक में फिरोजपुर झिरका से विधायक मामन खान के खिलाफ बढ़ती कानूनी कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारी को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि पूरे मामले को लेकर राज्यपाल से मुलाकात की जाएगी। इसके लिए समय मांगा गया था और मंगलवार को मिलने का समय मिल गया है।

सूत्रों के अनुसार, सीएलपी की बैठक में माना गया कि विधायक की गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई है, इसलिए राजनीतिक और कानूनी रणनीति तैयार की गई है। बैठक में तय किया गया कि पूरे मामले को लेकर राज्यपाल से मुलाकात की जाएगी और सरकार के रुख पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए समय मांगा गया था, जिस पर राज्यपाल कार्यालय ने कल के लिए मिलने का समय दे दिया है।

अब तक कितने मुकदमे दर्ज हैं

नूंह हिंसा मामले में विधायक मामन खान का नाम कई एफआईआर में सामने आया है। पुलिस ने जुलाई 2023 की नूंह हिंसा से जुड़े कम से कम 3 से 4 मामलों में UAPA सहित गंभीर धाराएं जोड़ी हैं। इन मामलों में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने, साजिश और अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। यही वजह है कि कानूनी कार्रवाई तेज होने के साथ उनकी गिरफ्तारी की आशंका बार-बार चर्चा में रहती है।

सुरक्षा क्यों बढ़ाई

हाल ही में कांग्रेस विधायक की सिक्योरिटी बढ़ाई गई थी। इसके पीछे की वजह गैंगस्टर और आपराधिक गिरोह से खतरे की सूचना बताया जा रहा है। इसके अलावा नूंह हिंसा मामले के बाद भी कांग्रेस विधायक की सुरक्षा का जोखिम बना हुआ है। इसको लेकर संभावित हमले या कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम सरकार ने उठाया था।

इन्हीं सब बिंदुओं को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें गुरुग्राम शिफ्ट किया था और कमांडो तैनात किए गए थे।

कांग्रेस ने ये बनाई रणनीति

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस विधायक दल मामले को राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर लड़ने की तैयारी कर रहा है। राज्यपाल से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी। गिरफ्तारी की स्थिति में पार्टी एकजुटता दिखाने की रणनीति बनाएगी। विपक्ष इसे सरकार की कार्रवाई बताते हुए सवाल उठाने की तैयारी में है।