- चेयरमैन बोले- पहले आएगा 12वीं का परिणाम
- सीक्रेसी कोड लगाने का काम शुरू
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे करीब 5.66 लाख छात्रों के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड के चेयरमैन प्रो. डॉ. पवन कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि मई के दूसरे सप्ताह में परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। इस बार भी बोर्ड पहले 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) का रिजल्ट जारी करेगा ताकि छात्रों को कॉलेज एडमिशन में देरी न हो।
20 मार्च को 10वीं की परीक्षाएं खत्म होते ही मार्किंग शुरू होगी
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. डॉ. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि 20 मार्च को 10वीं की परीक्षाएं खत्म होते ही मार्किंग शुरू होगी। उत्तर पुस्तिकाओं पर ‘सीक्रेसी कोड’ लगाने का काम तेजी से चल रहा है। अगले शैक्षणिक सत्र में भीड़-भाड़ वाले परीक्षा केंद्रों को भी बदला जाएगा। इनकी लिस्ट तैयार की जा रही है।
26 फरवरी से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हुई थी
बता दें कि 25 फरवरी से 12वीं एवं 26 फरवरी से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हुई थी। सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) की वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में करीब 1431 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5 लाख 66 हजार 411 परीक्षार्थी प्रविष्ठ हो रहे हैं। जिसमें 2 लाख 96 हजार 593 लड़के व 2 लाख 69 हजार 818 लड़कियां शामिल हैं।
एफआर प्रक्रिया जारी, 20 मार्च के बाद शुरू होगी मार्किंग
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हुई हैं। शिक्षा बोर्ड में उत्तर पुस्तिकाएं आना शुरू हो गई है। इनका एफआर (इन पर सिक्रेसी कोड लगाना) लगाते हैं। यह कार्य प्रगति पर है और साथ-साथ चल रहा है। जैसे ही 20 मार्च को 10वीं की परीक्षा खत्म होंगी। उसके बाद मार्किंग का काम शुरू करेंगे। इससे पहले मार्किंग शुरू ना करने का कारण यह भी है कि हमारा ज्यादातर टीचिंग स्टाफ परीक्षा ड्यूटी पर है।
मई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित करने की तैयारी
उन्होंने बताया कि प्रयास रहेगा कि मई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट घोषित कर दिया जाए। 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) क्लास में रिजल्ट व नंबरों का अधिक महत्व रहता है, क्योंकि उन्हें दूसरे यूनिवर्सिटी या कॉलेज में एडमिशन लेना होता है। अन्य परीक्षाओं में भी मार्कसीट के नंबर अपलोड करने होते हैं। कोशिश यही कर रहे हैं कि 12वीं कक्षा का रिजल्ट पहले जारी करेंगे। उसके बाद 10वीं का रिजल्ट जारी किया जाएगा।
फ्लाइंग टीमों की रिपोर्ट पर बदले जाएंगे परीक्षा केंद्र
शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि फ्लाइंग टीम हर रोज लगभग सभी परीक्षा केंद्रों में जाती हैं। उनसे रिपोर्ट मंगवाई है कि कौन-कौन से ऐसे परीक्षा केंद्र हैं, जो भीड़ में हैं, जहां बच्चों, फ्लाइंग व स्टाफ को जाने में दिक्कत होती है। कौन-कौन से ऐसे सेंटर हैं, जहां बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं हैं। अर्थात ड्यूल डेस्क नहीं हैं और बच्चे टाट पट्टी पर बैठ रहे हैं। अगले सत्र में जो परीक्षा होगी, उस दौरान ये दिक्कत न हो। अगले सत्र में उन सेंटरों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां तक पहुंच आसान है, खुला एरिया और सीटिंग अरेंजमेंट ठीक है।
15 दिन बाद दोबारा परीक्षा का मौका देंगे
उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड इन परीक्षाओं के समाप्त होने के 15 दिन के बाद विशेष अवसर देने जा रहा है। जिनका एक या दो पेपर किसी कारणवश अच्छा नहीं हो पाया है। वे दोबारा अप्लाई करके पेपर दे सकते हैं। जिस पेपर में अच्छे अंक आएंगे, वे मार्कसीट में दर्शाए जाएंगे। जिससे उनको कोई नुकसान भी नहीं होगा। परीक्षा समाप्ति के 15 दिन बाद ही बच्चों को यह मौका दिया जाएगा।