- सरकार के पास भेजी DPR, उत्तर-दक्षिण दिशा में बनाने का प्रोजेक्ट
- 35KM से ज्यादा लंबा बनेगा
हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा के कुरुक्षेत्र को नए हाईवे की सौगात मिल चुकी है। सीएम नायब सैनी ने बजट में कैथल से यमुनानगर तक फोरलेन हाईवे बनाने का ऐलान कर दिया है। इस हाईवे का काम इस साल में पूरा करने का टारगेट भी रखा गया है। इस हाईवे के साथ-साथ कुरुक्षेत्र बाईपास का काम भी इस साल पूरा शुरू होने की उम्मीद है।
कुरुक्षेत्र बाईपास प्रोजेक्ट पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) तेजी से काम कर रही है। इसके 3 अलग-अलग विकल्प NHAI की ओर से तैयार किए गए हैं। सरकार जल्द ही इनमें से एक को मंजूरी देगी। इस बाईपास के बनने से शहर में रोज लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
35 से 37 किलोमीटर के विकल्प
NHAI के विकल्प में कुरुक्षेत्र बाईपास की लंबाई और दिशा अलग-अलग है। NHAI का पहला और तीसरा विकल्प दक्षिण दिशा में बाईपास बनाने का रखा है। इसकी दिशा तो दक्षिण की तरफ है, लेकिन उनकी लंबाई में 1.7 किलोमीटर का फर्क है। पहले विकल्प में बाईपास की लंबाई 36.9 किलोमीटर तक होगी
दूसरा विकल्प उत्तर दिशा में बनाने का
दूसरे विकल्प में बाईपास को उत्तर दिशा में बनाने का प्रोजक्ट रखा गया है। इस दिशा में बाईपास की लंबाई दोनों विकल्प से ज्यादा है। यहां बाईपास की लंबाई 37.1 किलोमीटर तक की होगी। तीसरे और आखिरी विकल्प दक्षिण दिशा में होगा, लेकिन इस विकल्प में बाईपास शहर के बिल्कुल पास से गुजरेगा। यहां इसकी लंबाई 35.2 किलोमीटर होगी।
NHAI ने करवाया एजेंसी से सर्वे
NHAI की ओर से तीनों विकल्प का प्रोजक्ट सरकार के पास भेजा गया है। लोगों की सुविधा और जरूरतों को देखते हुए सरकार जल्द इस पर मुहर लगाएगी। NHAI की एजेंसी ने पहले ही ट्रैफिक सर्वे कर लिया है। एजेंसी ने पिहोवा, मथाना गांव और यमुनानगर के पास दामला गांव में सर्वे किया। इस सर्वे के आधार पर ही 3 प्रोजेक्ट तैयार हुए।
पिहोवा से लाडवा तक होगा निर्माण
NHAI के अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती चरण में पिहोवा से 152-D हाईवे से लेकर मथाना के पास बीड़ सोंटी गांव तक फोरलेन रोड बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट की डिटेल रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है। हालांकि पूर्व राज्यमंत्री ने ज्योतिसर से दिल्ली की तरफ उमरी या खानपुर कोलियां से होते हुए मथाना तक बाईपास बनाने का सुझाव दिया है।
कुरुक्षेत्र से होकर गुजरेगा हाईवे
उधर, बजट में कैथल-ढांड-पिपली-रादौर-यमुनानगर रूट को फोरलेन बनाने का ऐलान किया। इसके फोरलेन होने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही यह NH-152D, नेशनल हाईवे-44 और अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। कुल मिलाकर इन प्रोजेक्ट से कुरुक्षेत्र और आसपास के इलाकों में बदलाव होगा।