- बोले- हांसी मॉडर्न जिला बनेगा, किसानों के लिए अलग से बिजली निगम की घोषणा
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री ₹2,23,658.17 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। सैनी ने बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत किरत कर, नाम जप, वंड छक से की।
अभी CM सैनी बजट भाषण पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी। प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। हर नारी, स्वस्थ नारी योजना के तहत, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक बनाए जाएंगे। नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा।
नायब सैनी ने केसरिया पगड़ी पहनी हुई है। सोमवार सुबह CM आवास पर उन्होंने बजट की कॉपी पर साइन किए।
प्रति व्यक्ति आय 3.95 लाख पहुंचने का अनुमान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और प्रति व्यक्ति आय प्रमुख राज्यों में सबसे ऊपर पहुंच गई है। चालू मूल्यों पर हरियाणा की प्रतिव्यक्ति आय 2014-15 में मात्र ₹1,47,382 थी, जो 2023-24 (प्रोविजनल अनुमान) में बढ़कर ₹3,24,958 हो गई। 2024-25 (क्विक अनुमान) में यह ₹3,58,171 तक पहुंच गई, जबकि राष्ट्रीय औसत सिर्फ ₹2,19,575 रहा। 2025-26 (एडवांस अनुमान) में यह और बढ़कर ₹3,95,618 होने का अनुमान है।
बजट में ये 12 घोषणाएं
किसानों के लिए “हरियाणा एग्री डिस्कॉम” नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनेगी। 5084 कृषि फीडर और 7.12 लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली।
ग्राम सभा, पैक्स और श्रम समितियों को मजबूती। हर बैठक में 6 नए कार्य अनिवार्य। 300 पैक्स लाभ में लाने का लक्ष्य। श्रम समितियों को ₹4000 करोड़ के कार्य।
सरकारी भवन, स्वायत्त शिक्षण संस्थान और पंजीकृत गौशालाएं गैर-परंपरागत ऊर्जा आधारित परिसरों में परिवर्तित होंगी।
10 शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹500 करोड़ का विशेष फंड।
हर विधानसभा क्षेत्र में PPP मॉडल पर “आदर्श परीक्षा केंद्र”। पहला केंद्र 25 दिसंबर 2026 तक।
₹100 करोड़ के साथ “हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंस फंड” की स्थापना।
2026–27 में 3 लाख 14 वर्षीय किशोरियों का HPV टीकाकरण। हर जिला व उप-जिला अस्पताल में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” क्लीनिक।
मई 2026 में AI इनोवेशन चैलेंज। 1 नवंबर 2026 से चुने गए मॉडल लागू।
नई “मेक इन हरियाणा” नीति। एम्प्लॉयमेंट सब्सिडी ₹48,000 से बढ़ाकर ₹1 लाख प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष।
2026–27 में अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी बढ़ेगी।
यमुना नदी प्रदूषण खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में नया मिशन।
हांसी राज्य का 23वां जिला। अब विकसित होगा अति आधुनिक मॉडल जिले के रूप में।
ग्राम सभा बैठक में 6 कार्यों पर चर्चा जरूरी
सीएम सैनी ने कहा कि वर्तमान में ग्राम सभा में तीन बैठकें होंगी। ग्राम सभा की बैठकों में 6 नए कार्यों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें विकास, नशा निवारण, पेयजल, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और रखरखाव निरीक्षण शामिल हैं। विधायक भी ग्राम सभा की बैठकों में भाग ले सकते हैं।
वर्तमान में, 804 में से 33 पैक्स लाभ में हैं। अब पैक्स पेट्रोल पंपों से जुड़ सकेंगे और सरकार का लक्ष्य 300 पैक्स को लाभ में लाना है। 6 हजार समितियां निष्क्रिय हैं। ITI में सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इनमें 4 हजार करोड़ के सरकारी कार्य किए जाएंगे।
हरियाणा में नया बिजली निगम बनेगा
CM सैनी ने कहा कि हरियाणा में वर्तमान में 2 बिजली वितरण निगम हैं- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (HBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN)। सरकार एक और बिजली वितरण निगम स्थापित करेगी। इसके जरिए, किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिलाए जाएंगे। हर नारी, स्वस्थ नारी” योजना के तहत, प्रत्येक जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे।