हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री आज (2 मार्च) दूसरी बार बजट पेश करेंगे। सोमवार सुबह उन्होंने CM आवास पर बजट की कॉपी पर साइन किए। इस दौरान नायब सैनी केसरिया पगड़ी पहने हुए थे। नायब सैनी विधानसभा पहुंच गए हैं। दोपहर 12 बजे बजट भाषण शुरू होगा।
मुख्यमंत्री सैनी बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के दायरे को लेकर भी कुछ घोषणाएं कर सकते हैं। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) उद्योग सेक्टर को बड़ी राहत मिलने की भी संभावना है। किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन को लेकर भी छूट मिल सकती है।
इस बजट में गुरुग्राम में बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को लेकर भी मेगा प्लान बनाया गया है। सरकार सड़कों के चौड़ीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके अलावा, राज्य में खाली पड़े ग्रुप-D के पदों को भरने को लेकर भी ऐलान हो सकता है।
पंजाब विधानसभा चुनाव में 10 महीने बचे
पंजाब में विधानसभा का कार्यकाल फरवरी 2027 तक का है। उससे पहले चुनाव हैं। ऐसे में भाजपा अपना फोकस बढ़ा रही है। अभी तक सीएम नायब सैनी पंजाब में फ्रंट फेस बने हुए हैं। भाजपा वहां OBC और गैर सिख वोटरों पर ध्यान केंद्रित किए है। पंजाब में अपने भाषणों में सैनी पंजाबी बोलते हैं। पंजाब के बड़ा भाई बताते हैं और खून का रिश्ता बताते हैं।
हरियाणा के 7 जिले पंजाब की सीमा से सटे
हरियाणा के 7 जिलों की सीमा पंजाब से सटी है। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद व सिरसा शामिल हैं। इसी तरह पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली), पटियाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा व मुक्तसर साहिब की सीमा हरियाणा से लगती है।
पंजाब में एक्टिव होने के बाद से पगड़ी में नजर आ रहे
हरियाणा CM नायब सैनी पंजाब में लगातार एक्टिव नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में वह पंजाब में 8 दौरे कर चुके हैं। इस दौरान वह अकसर केसरिया पगड़ी में ही नजर आए। इस बार सीएम आवास पर लोहड़ी के पर्व पर भी पंजाब के नेताओं को आमंत्रित किया गया था।
केसरिया रंग के गहरे संकेत
सिख पंथ में केसरिया (भगवा) रंग साहस, बलिदान और त्याग का प्रतीक माना जाता है। सिख इतिहास में योद्धाओं ने धर्म और न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष किया, इसलिए यह रंग वीरता से जुड़ा है। गुरु तेग बहादुर व गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान को केसरिया रंग से जोड़ा जाता है।1699 में गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की। खालसा का ध्वज (निशान साहिब) केसरिया रंग का होता है, जो धर्म की रक्षा और एकता का प्रतीक है।