- 16 डिग्री के पार न्यूनतम तापमान, दो दिन बाद बूंदाबांदी की संभावना
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में चार मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से हरियाणा में बादलवाही बढ़ेगी। खासकर हरियाणा के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
प्रदेश में मार्च माह की शुरूआत गर्मी से हुई है। मार्च माह के पहले ही दिन प्रदेश के 9 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है।
16 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है। सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में दिन के साथ-साथ अब रात भी गर्म होने लग गई हैं। प्रदेश में सोनीपत में सबसे कम दस डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा भिवानी में सबसे ज्यादा 16.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
धीरे-धीरे बढ़ रहा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मार्च के पहले सप्ताह में हरियाणा में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।
दिन-रात शुष्क बना मौसम
वर्तमान में हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। रात्रि का तापमान: 11.0°C से 16.0°C के बीच प्रदेश के शहरों में दर्ज किया जा रहा है। वहीं दिन का तापमान 28.0°C से 32.7°C के बीच चल रहा है।
आगामी दिनों में होगा हल्का बदलाव
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में बादलवाही बढ़ने के साथ हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन किसी बड़े वर्षा तंत्र की संभावना फिलहाल नहीं है।