February 18, 2026
18 feb 8
  • जींद में आकाशीय बिजली गिरी, AC- फ्रिज फुंके
  • प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बुधवार सुबह जींद, हिसार, हांसी, कैथल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, पलवल, फरीदाबाद, नूंह और नारनौल में बारिश हुई। पंचकूला, करनाल, कैथल और भिवानी में बादल छाए हुए हैं।

रेवाड़ी के किशनपुर गांव में दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी के साथ ओले भी पड़े। इससे सरसों और गेंहू की फसल को भी नुकसान हुआ है। उधर, जींद में एक मकान पर आसमानी बिजली गिरने से लाखों रुपए के बिजली के उपकरण जलकर नष्ट हो गए।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मुताबिक, राज्य में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मंगलवार रात को ही एक्टिव हो गया था, जिसके बाद हिसार और सिरसा में तेज बारिश हुई।

अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंचा

17 फरवरी को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। औसत तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक गर्मी भिवानी में रही, जहां पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया।

हिसार में तापमान 27.9, अंबाला में 28.7, रोहतक में 27.9, गुरुग्राम में 28.1, पानीपत में 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा और यमुनानगर में तापमान 25 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि, आने वाली बारिश और ठंडी हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में इस तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी

न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो कि सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री करनाल में दर्ज किया गया। अंबाला में 16.8, हिसार में 14.5, करनाल में 13.6, नारनौल में 14.5, और रोहतक में 15.8, भिवानी में 14 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।