प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 नवंबर को हरियाणा के कुरूक्षेत्र दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी की एक बड़ी बैठक कुरुक्षेत्र कार्यालय पर हुई। प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुरुक्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करने के लिए उपस्थित नेताओं को कहा।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन रात राष्ट्र यज्ञ कर रहे हैं। हरियाणा के लिए यह गौरव की बात है कि ऐसे महान नेता एक बार फिर हरियाणा में आ रहे हैं तो उनके इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा हरियाणा वासियों को शामिल होने का न्यौता दिया जाना चाहिए। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम के लिए घर घर पहुंचकर संपर्क करेगा। बड़ौली ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री आ रहे हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं के साथ साथ पूरे प्रदेश के लोगों में उत्साह है।
बैठक में प्रभारी और अध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों पर भी उपस्थित जिलाध्यक्षों, प्रभारियों, प्रदेश पदाधिकारियों व संबंधित अभियानों से जुड़े कार्यकर्ताओं से चर्चा की। प्रदेश संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा ने आत्मनिर्भर भारत अभियान, मन की बात कार्यक्रमों के विषय में पदाधिकारियों से पूछा और आगामी कार्यक्रमों को और बेहतर तरीके से करने के लिए कहा। आज की इस बैठक में उपाध्यक्ष के नाते मंत्री कृष्ण लाल पंवार, प्रदेश महामंत्री एवं सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी, महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, उपाध्यक्ष सतीश नांदल आदि भी मंच पर मौजूद रहे। प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, आत्मनिर्भर भारत अभियान की प्रांत टोली, लोकसभा संयोजक, जिला संयोजक, मन की बात की प्रांत टोली, लोकसभा संयोजक, आईटी की प्रांत टोली के सदस्यों ने भी आत्मनिर्भर भारत अभियान, मन की बात, रन फॉर यूनिटी और वंदेमातरम आदि हो चुके कार्यक्रमों की जानकारी भी नेताओं के सामने रखी। प्रदेश में चल रहे इन कार्यक्रमों की सफलता पर भाजपा प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों की प्रशंसा की और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को 25 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए घर-घर पहुंचकर न्यौता देने को कहा, तो सभी ने उत्साह से छुटकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अद्भुत तरीके से कार्य करते हैं। पीएम मोदी का देश की संस्कृति, विरासत और परंपरा में बड़ा अनुराग है और वे ऐसे अवसर कभी नहीं छोड़ते। पीएम मोदी ने देश की संस्कृति के लिए बहुत कुछ किया है। डा. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक सूत्र में बांधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपने मन की बात कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री मोदी सामान्य ज्ञान से लेकर हर पहलू पर बात करते हैं जिस पर हमें गर्व है। डा. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरु तेग बहादुर के 150वें शहीदी दिवस पर आने का मकसद दुनिया को भारत की परम्परा, वीरता और संस्कृति का संदेश देना है।