बिहार नतीजों के बाद हरियाणा की राजनीति में बदलाव के संकेत कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने दिए हैं।
बीरेंद्र सिंह महेंद्रगढ़ में अपने बेटे, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा में शामिल हुए थे।
हरियाणा के अनुभवी नेताओं में से एक और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े बीरेंद्र सिंह ने कहा कि थोड़े समय में राजनीति में बदलाव होगा।
बीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस के प्रधान राव नरेंद्र लोगों के बीच आएंगे।
यहां तक कि वे बृजेंद्र सिंह की यात्रा में भी शामिल होंगे।
यह बयान बीरेंद्र सिंह ने तब दिया है जब बिहार में कांग्रेस बुरी तरह हारी है और इसके बाद दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हार की समीक्षा हुई।
राजनीति के जानकार बीरेंद्र सिंह के इस बयान को कांग्रेस की राजनीति में बदलाव का संकेत मानते हैं।
पूर्व IAS अधिकारी एवं हिसार के सांसद रहे बृजेंद्र सिंह ने 5 अक्टूबर को जींद के उचाना हलके से यात्रा शुरू की थी, जो 6 चरणों में सभी 90 हलकों में जाएगी।