October 21, 2025
WhatsApp Image 2025-10-20 at 4.48.17 PM

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों के साथ दीपावली उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री ने दीपावली, गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा दिवस एवं भाई दूज की पर्व की प्रदेश के नागरिकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी और जिला के नागरिकों को मिठाइयां वितरित की। उन्होंने दीपावली के पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि प्रकाश का यह पर्व सभी के जीवन को साहस, उत्साह, बुद्धिमत्ता और उत्तम स्वास्थ्य से आलोकित करे। जैसा कि राष्ट्र अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का उत्सव मना रहा है, आइए हम भी समाज को सद्भाव, समावेशिता और करुणा पर आधारित भविष्य की ओर ले जाने के लिए और अधिक प्रयास करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को कुरुक्षेत्र के सेक्टर 3 स्थित निवास स्थान पर जिला के नागरिकों के साथ दीपावली उत्सव मना रहे थे। मुख्यमंत्री ने करीब 3 घंटे तक कुरुक्षेत्र व लाडवा के लोगों के साथ दीपावली पर्व मनाया।  इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रदेश और जिला में चल रहे विकास कार्यों को लेकर लोगों से चर्चा की। इसके साथ ही समस्याएं सुनी और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्वक मनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीपावली, जिसे दीपावली या दीपोत्सव के नाम से भी जाना जाता है, जो हमारे सबसे महत्वपूर्ण और लोकप्रिय त्योहारों में से एक है। यह त्योहार कार्तिक मास की अमावस्या को मनाया जाता है और यह अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। यह केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भावना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस दिन भगवान राम 14 वर्ष का वनवास पूरा करके और लंकापति रावण का वध करके अयोध्या लौटे थे। अयोध्या वासियों ने उनके आगमन पर घी के दीप जलाकर पूरे नगर को रोशन कर दिया था।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आशा व्यक्त की है कि यह पर्व सभी नागरिकों को एकता, बंधुत्व और सद्भावना के बंधन को मजबूत करने और राज्य एवं राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी से त्योहार को सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी से मनाने का आग्रह किया।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, सुशील राणा,चेयरमैन धर्मवीर डागर, चेयरमैन डॉ गणेश दत्त, उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह किरमच, नप अध्यक्ष माफी ढांडा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, नायब सिंह पटाक माजरा, सैनी धर्मशाला के प्रधान गुरनाम सिंह सैनी,कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय नॉन टीचिंग क्लब प्रधान रजवंत कौर,उपचेयरमैन शशी मित्तल, पार्षद सुधीर चुघ, प्रवीण चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *