September 9, 2025
P-6

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज से कल रविवार 7 सितम्बर को अम्बाला छावनी इंडस्ट्रियल एरिया से पानी निकासी को लेकर उद्योगपतियों ने मुलाकात की थी। मंत्री अनिल विज के निर्देशों के बाद प्रशासन द्वारा जोर-शोर से शाम को पानी निकासी का काम प्रारंभ कर दिया गया था। मगर कुछ लोगों द्वारा बाधा डाले जाने के कारण पानी निकासी के पाइपों को तोड़ दिया गया था व अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया था जिस वजह से काम को रोकना पड़ा था।
आज प्रात: ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्कुलर जारी कर जिले के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों की बैठक दोपहर 12 बजे अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुलाई। बैठक में अम्बाला उपायुक्त अजय तोमर के अलावा पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अब तक कहां-कहां अत्यधिक पानी आने से जलभराव है उसकी जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने इन क्षेत्रों में पानी निकासी के क्या-क्या इंतजाम किए गए इसकी भी जानकारी ली। उनके (मंत्री अनिल विज) पूछने पर अधिकारियों ने यह भी बताया कि इंडस्ट्री एरिया से पहले की जा रही पानी निकासी को कुछ तत्वों द्वारा रुकवा दिया गया था। इसपर मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों से कहा कि जहां-जहां पानी खड़ा है उसे निकालने के लिए वह पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पानी निकासी के समय यह ध्यान अवश्य रखा जाए कि पानी सीधा नाले-नालियों में जाए न कि किसी कालोनी में पानी जाए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया से पानी निकासी की योजना तैयार की। पानी निकासी के लिए मौके पर अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां दी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग एकजुटता से इंडस्ट्रियल एरिया से पानी निकासी के कार्य में जुट जाए।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के उपरांत मंत्री अनिल विज इंडस्ट्रियल एरिया मौके पर भी गए जहां उन्होंने पानी निकासी कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उद्योगपतियों से बातचीत की तथा शीघ्र पानी निकासी के दिशा-निर्देश दिए।

हमें एक सिद्धांत मन में पक्का करना है कि हमारे लिए कोई पराया नहीं है, सभी अपने हैं: मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बैठक के दौरान जल भराव के दृष्टिगत प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बेहतर कार्य करने पर उनकी प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि जलभराव के तहत दो कार्य बेहद जरूरी होते है, जिसमें एक तो तुरन्त कार्य करते हुए राहत देना और दूसरा बाद में उस कार्य के लिए स्थाई समाधान हेतु कार्य करना होता है। उन्होंने कहा हमें एक सिद्धांत मन में पक्का करना है हमारे लिए कोई पराया नहीं है, सारे अपने हैं।
एनएचएआई के प्रोजैक्ट डायरेक्टर ने मंत्री अनिल विज को बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया के सामने सडक़ पर जो पानी है उसे निकालने का काम किया जा रहा है जिसे जल्द निकाल दिया जाएगा। जलभराव यहां न हो इसके लिए आसपास क्षेत्रों में सर्वे टीम भी लगाई गई है ताकि आगे की रूप रेखा बनाते हुए परियोजना तैयार की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *