
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र अब स्वच्छता में देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनेगा। इस गीता स्थली को स्वच्छ बनाने के लिए 11 सप्ताह का एक मिशन निर्धारित किया गया है। इस मिशन के तहत 24 अगस्त से 7 नवंबर तक स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान, हर गली, हर माहौल्ला के साथ स्वच्छ हरियाणा की पहचान बनेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को गीता ज्ञान संस्थानम में जिला प्रशासन की तरफ से स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजेन्द्र सिंह गोल्डी ने जिला प्रशासन की तरफ से स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान पोस्टर का विमोचन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के नागरिकों व अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलवाई और विधिवत रूप से 24 अगस्त से 7 नवंबर तक 11 सप्ताह के स्वच्छता मिशन का शंखनाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता मिशन 2025 के तहत कुरुक्षेत्र के हर गली, मोहल्ले को स्वच्छ बनाने के लिए एक जन आंदोलन चलाया जाएगा। इस मिशन को पूरा करने के लिए पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के नेतृत्व में थानेसर नगर परिषद के 32 वार्डों में कमेटियों का गठन कर दिया गया है। इस मिशन को सफल बनाने के लिए उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा और तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने योजना तैयार कर ली है। सभी अधिकारी इस 11 सप्ताह में दिन रात एक करके कुरुक्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे ताकि कुरुक्षेत्र देश का सबसे स्वच्छ शहर बन सके। यह तभी संभव हो सकेगा जब कुरुक्षेत्र का प्रत्येक नागरिक स्वैच्छा के साथ सरकार और प्रशासन का सहयोग करेगा। जब सभी मिलकर स्वच्छता मिशन को आगे बढ़ाएंगे तो निश्चित ही स्वच्छ कुरुक्षेत्र का मिशन सफल होगा। इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा,उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी, सुभाष कलसाना, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, एसडीएम अभिनव सिवाच, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, चेयरमैन मदन मोहन छाबडा, मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल आदि उपस्थित थे।