
हरियाणा में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया और आज का दिन कई मायनों में खास रहा। जहां एक ओर गीता की स्थली कुरुक्षेत्र के पावन ब्रह्मसरोवर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लगभग 1 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग करके विश्व को संदेश दिया तो वहीं 22 जिलों और 121 खंडों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 20 लाख से अधिक लोगों ने योग करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, सांसद नवीन जिंदल, योग गुरु स्वामी रामदेव, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण ने दीप प्रज्ज्वलन कर और भगवान धन्वंतरि को पुष्प अर्पित किए। इस राज्यस्तरीय योग दिवस में योग गुरु स्वामी रामदेव ने सभी लोगों को योग करवाया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में योग पर शोध को बढ़ावा देने के लिए योग लेखक प्रोत्साहन योजना लागू की जाएगी। इसके तहत हर वर्ष ऐसे उत्कृष्ट लेखकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष में 100 नई योग एवं व्यायामशालाएं स्थापित की जाएंगी। अभी तक प्रदेशभर में 883 योग एवं व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र के लिए एक विशाल हॉल का निर्माण करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के योग प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए क्रेडिट आधारित प्रणाली को शुरू किया जाएगा। साथ ही, हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भी योग को शैक्षणिक पाठ्यक्रम के रूप में लागू किया जाएगा। इसके लिए एक समान योग पाठ्यक्रम शीघ्र तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषयों को इस वर्ष से ही आयुष चिकित्सा प्रणाली के अंतर्गत मान्यता दी जाएगी। साथ ही, इन विषयों के चिकित्सकों का राजकीय पंजीकरण भी आरंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि योगासन को खेल के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सुदृढ़ करने के लिए अनुभवी कोचों की नियुक्ति की जाएगी, जो खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे। खेल विभाग में 40 योग शिक्षकों की भर्ती शीघ्र शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से ही प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में 5 मिनट का योगा-ब्रेक कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तनाव मुक्त माहौल प्रदान करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की पहचान योग विद्या को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर पुन: स्थापित किया
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भगवान श्रीकृष्ण जी की कर्मभूमि कुरुक्षेत्र की धरा से 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम पूरे विश्व को योगमय होता देख रहे हैं। इसका श्रेय हमारे संतों, ऋषियों और विशेष रूप से हमारे कर्मयोगी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री ने सदियों से भारत की पहचान रही इस योग विद्या को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर पुन: स्थापित करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने देश को बहुमूल्य सूत्र खेलेगा भारत, तो खिलेगा भारत योग की डोज, आधा घंटा रोज दिए हैं, जो आज जन-जन की प्रेरणा बन गए हैं।
उन्होंने विशेष रूप से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पधारे योग गुरु स्वामी रामदेव का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि स्वामी रामदेव ने एक-एक व्यक्ति को प्राचीन पद्धति योग से जोडऩे का काम किया है, जिससे आज पूरी दुनिया में योग की एक अलग पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम योगा फॉर वन अर्थ वन हेल्थ है। यह थीम इस बात को चरितार्थ करता है कि योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण के लिए है।