
नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा व विभिन्न पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ नई दिल्ली स्थित संसद भवन (लोकसभा एवं राज्यसभा) का विशेष दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य केवल एक औपचारिक भेंट नहीं था, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली, उसकी जटिलताओं और इतिहास को समझने का एक सजीव अनुभव भी था।
इस दौरान संसद भवन के प्रमुख भागों जैसे लोकसभा कक्ष, राज्यसभा कक्ष, सेंट्रल हॉल, संसद पुस्तकालय और संविधान की मूल प्रति संग्रहालय का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने न केवल संसद की ऐतिहासिक इमारत को नजदीक से देखा, बल्कि संसद की कार्यवाही में प्रयुक्त प्रक्रियाओं, नियमों एवं परंपराओं को भी गहराई से समझा।
इसके साथ ही, संसद संग्रहालय में रखी गईं दुर्लभ तस्वीरें, दस्तावेज़ और मल्टीमीडिया प्रदर्शनियों के माध्यम से भारत के संविधान निर्माण और लोकतांत्रिक विकास की यात्रा को भी जाना। यह दौरा राज्य सांसद रेखा शर्मा के विशेष निमंत्रण पर किया गया। मेयर सुमन बहमनी व अन्य भाजपा नेताओं ने राज्य सांसद रेखा शर्मा का विशेष आभार जताया।