
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के लोग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को अपना मानते हैं, अपना समझते हैं और उनसे हक से अपनी बात कहते हैं। प्रधानमंत्री के प्रति जनता में अटूट विश्वास और गहरे जुड़ाव की भावना है। इसीलिए प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री की नीति, नीयत और नेतृत्व पर पूर्ण जनसमर्थन की मुहर लगाकर तीसरी बार ऐतिहासिक जनादेश दिया। प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में हरियाणा पूर्ण सहभागिता निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस संकल्प सिद्धि में हरियाणा देश के साथ कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा और विकसित भारत के मानचित्र पर विकसित हरियाणा की भी तस्वीर होगी।
मुख्यमंत्री आज यमुनानगर में आयोजित विकसित भारत-विकसित हरियाणा समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने उपरांत उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों की ओर से मां सरस्वती की गोद में बसी पावन नगरी यमुनानगर में आने पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि आज हम सभी हरियाणा वासियों के लिए बहुत बड़ा और शुभ दिन है। आज किसानों और मजदूरों के मसीहा दीनबंधु सर चौधरी छोटूराम के नाम पर स्थापित थर्मल पावर प्लांट में 800 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल यूनिट की आधारशिला प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई है। साथ ही, यमुनानगर जगाधरी नगर निगम क्षेत्र में गोबर-धन संयंत्र की आधारशिला भी रखी गई है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी बाईपास परियोजना का भी उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए आज का दिन एक और गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर प्रदेशवासियों को विकास की नई सौगातें दी हैं, जो ‘विकसित भारत – विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करेगी। यह प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और हरियाणा के प्रति उनके विशेष स्नेह का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इस समारोह में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री श्री कृष्ण पाल, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज, श्री कृष्ण लाल पंवार और श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के गोबरधन मिशन के तहत गोबर—धन संयंत्र एक अहम प्रयास है और यह एक मिसाल भी है कि हम आधुनिक युग में भी अपने परंपरागत ज्ञान और कौशल का प्रयोग करते हुए विकास के मार्ग पर आगे कैसे बढ़ सकते हैं। यह परियोजना न केवल एक तकनीकी उपलब्धि होगी, बल्कि भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक हरित, टिकाऊ और स्वच्छ कदम भी होगा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यमुनानगर की धरती वह धरा है, जहां की माटी से लकड़ी और बर्तन के लघु उद्योगों से लाखों लोगों को रोजग़ार मिलता है। आज आपके आगमन से यह शहर विकास के स्वर्णिम युग में कदम रख रहा है। आज यहां की हवा में एक नया जोश है, एक नई उम्मीद है और एक नया उत्साह है।
पिछले 10 सालों में हरियाणा ने विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान किए स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रेरणा से पिछले 10 सालों में हरियाणा ने विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और अपना परचम लहराया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा डबल इंजन सरकार के साथ आगे बढ़ रहा था। लेकिन अब हरियाणा की जनता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार है। इस तीसरी पारी में हरियाणा अब तीन गुना रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।