September 20, 2024

धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भाजपा को झटके पे झटका लगने का सिलसिला जारी है। आज वार्ड़ नंबर 1 की निवर्तमान पार्षद बिमला गाबा, उसके पति विजय गाबा और सुपुत्र प्रिंस गाबा ने अपने अन्य परिजनों रोशन लाल गाबा, चिराग गाबा और मोती खुराना समेत अपने समर्थकों सहित भाजपा छोडक़र पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।

झांसा रोड़ स्थित गाबा प्रतिष्ठान पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने निवर्तमान पार्षद बिमला गाबा के परिजनों को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। अरोड़ा ने गाबा परिवार का कांग्रेस में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से कांग्रेस को ओर अधिक मजबूती मिलेगी। विजय गाबा ने अशोक अरोड़ा का अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि वे भाजपा के कुशासन से दु:खी होकर अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

पूर्व मँत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि पिछले 10 वर्ष के शासनकाल में भाजपा ने अहंकार में आकर जनता को अपमानित करने का काम किया है। प्रोपर्टी आईडी और परिवार पहचान पत्र के नाम पर जनता को परेशान किया गया। महंगाई चर्म पर है, भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

बेरोजगारी में हरियाणा पहले नंबर पर है। सरेआम व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है। हत्या और लूट की घटनाएं प्रतिदिन हो रही हैं। उन्होने कहा कि आज प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। थानेसर में तो भाजपा छोडक़र कांग्रेस में आने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। भाजपा के नेता बौखला गए हैं। जो आदमी कांग्रेस में शामिल होता है अगले दिन ही राज्यमंत्री सुभाष सुधा उसके घर जाकर जबरदस्ती भाजपा का पटका दोबारा से पहना आते हैं।

लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है लेकिन जनता भाजपा के दबाव में आने वाली नही है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है। प्रदेश की जनता वोट की चोट से भाजपा सरकार द्वारा की  गई ज्यादतियों का बदला लेगी। भाजपा का सूपड़ा साफ होगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद गुलशन गाबा, पूर्व पार्षद महेंद्र पाल, पूर्व पार्षद दीपक सिंगला, पूर्व पार्षद ओमप्रकाश ओपी, पूर्व पार्षद गौरव शर्मा गौरी, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव सुभाष पाली, कांग्रेस के जिला मीडिया कोर्डिनेटर राकेश सैनी, कांग्रेसी नेता सुधीर चुघ, सौरभ गर्ग, सतबीर सरपंच, नीतिन मैहता, सतीश रोड़, ओमप्रकाश पलवल, गोपाल गौड व ईश्वर तिगरी सहित अन्य कांग्रेसियों ने गाबा परिवार का कांग्रेस में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि गाबा परिवार ने सही समय पर सही निर्णय लिया है और इनके पार्टी में आने से कांग्रेस ओर अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *