September 20, 2024

सांसद कंगना रनौत के विवादित बयान पर घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस की ओर से इस बयान पर बेहद ही कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट रोहित जैन ने ऐसा विवादित बयान देने पर एक्ट्रेस कंगना रनौत के खिलाफ नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि जब ऐसे बयान देने पर आम नागरिकों को जेलों में डाल दिया जाता है तो फिर कंगना के खिलाफ भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जैन रविवार का अपने ऑफिस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। जैन ने कहा कि यह कंगना रनौत का बयान बेहद ही बचकाना है जिसमें उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि अगर शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं रहता तो किसान आंदोलन के दौरान पंजाब को भी बांग्लादेश बना दिया जाता।

उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान कोई उपद्रवी नहीं हैं। वे किसी अन्य देश के नागरिक नहीं बल्कि हमारे देश के ही नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि किसान कभी देश को हिंसा की आग में नहीं झोंक सकता। वह तो अपने खून पसीने की मेहनत से देश के नागरिकों का पेट भरता है। जैन ने कहा कि आंदोलन के दौरान रेप की वारदातों का आरोप भी बेमानी हैं।

उन्होंने कहा कि किसान एक साल तक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर दिल्ली की सीमा पर डटे रहे। इस दौरान केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार ने किसानों को बदनाम करने की हर संभव कोशिश की। जैन ने कहा कि किसान आंदोलन के लिए भी केंद्र सरकार ही जिम्मेदार थी। अगर सरकार वे तीन काले कृषि कानून न बनाती तो किसानों को आंदोलन करने की जरुरत ही नहीं पड़ती।

कांग्रेस नेता रोहित जैन ने कहा कि कंगना लगातार किसानों पर विवादित बयान देकर देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है। केंद्र सरकार को उनके बयानों पर कठोरता से अंकुश लगाना चाहिए। जैन ने कहा कि आंदोलन करने वाले किसानों को कभी खालिस्तानी कहा जाता है तो कभी आंदोलनजीवी कहकर बदनाम किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा व उसके नेता किसान को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रोहित जैन ने कहा कि कंगना रनौट रोज पंजाब के किसानों के खिलाफ जहर उगलती है। उन्होंने किसानों को खालिस्तानी  तक कहा। देश के किसानों को गाली भी दी। वे ऐसी बयानबाजी केंद्र सरकार के इशारे पर कर रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार से तुरंत कंगना के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।

चुनाव में जनता सिखाएगी सबक

कांग्रेसी नेता जैन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों पर किसान भी सत्ताधारी भाजपा को वोट की चोट से से अपना जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश  की जनता भाजपा सरकार व इसके नेताओं से तंग आ चुकी है। जैन ने कहा कि विकास के नाम पर इन लोगों ने केवल शहरों के नाम बदले हैं।

जनता के हित का कोई काम इन लोगों ने नहीं किया। जैन ने कांग्रेस के तमाम  कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर घर जाकर पार्टी  नीतियों के प्रचार के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों व कंगना रनौत जैसी सांसद के बयानों से भी आम नागरिकों को अवगत करवाएं ताकि सरकार को ऐसे बेहुदा बयानों की वजह से बाहर का रास्ता दिखाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *