September 20, 2024

हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि आज के दिन हम 300 साल की गुलामी से स्वतंत्र हुए, जब आजादी की लड़ाई लड़ी गई उसमें विभाजन का कोई एजेंडा नहीं था। उसमें सारे भारत को आजाद कराने के लिए लड़ाई लड़ी गई थी। मगर, कुछ नेताओं ने षड्यंत्र करके भारत व बंगाल का 20 प्रतिशत हिस्सा धर्म के आधार पर पाकिस्तान को दे दिया और इसका अंजाम लाखों लोगों ने इसे भुगता।

श्री विज आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अम्बाला छावनी स्थित कोहाट धर्मशाला में ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि बंटवारे में दस लाख लोगों ने अपनी जान गंवाई। कई माताओं और बहनों के साथ चरित्र हनन हुआ, लहलहाते खेत, कारोबार छोड़कर लोगों को भागना पड़ा। लोग गाड़ियों की छतों पर चढ़कर आए, किस प्रकार खेतों में लोग भागते नजर आए, किस प्रकार उन्हें काटा गया। आज का दिन उन लोगों को भी याद करने का दिन है जिन्होंने कुर्बानी दी।

आज स्वतंत्रता दिवस है, मगर आज जिन्होंने मूर्खता की उसका भी दिन है और आज आगे चलने व सोचने का भी दिन है। आज का दिन भविष्य के रास्ते का दिन है, आज भारत को 2047 तक  विकसित भारत बनाने का दिन है। आज जिन्होंने सीमाओं पर रक्षा कर रहे है उन्हें भी याद करने का दिन है। आज ने 1965, 1971 व कारगिल युद्ध में योगदान देने वाले शहीदों को भी याद करने का भी दिन है।

उन्होंने कहा कि अम्बाला से 1857 में आजादी की लड़ाई शुरू हुई, आज उन शहीदों को भी याद करने का दिन है। सन 1857 के शहीदों की याद में हम अम्बाला छावनी में 500 करोड़ रुपए की लागत से शहीद स्मारक को बना रहे हैं। आज भविष्य को भी याद करने का दिन है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है।

हमारी शिक्षा, ढांचा, व्यवस्था आगे बढ़े आज उसे भी याद करने का दिन है। हमें आज संकल्प लेना है कि हम भविष्य में अपने देश को विकसित भारत बनाएंगे। हमें शपथ लेनी चाहिए हम अपनी नीतियां ऐसी बनाएं, जिससे देश आगे बढ़े और 2047 तक विकसित भारत का सपना पूर्ण हो।

नेता जी सुभाष चंद्र बोस को नमन कर सुभाष पार्क के समक्ष पूर्व मंत्री अनिल विज ने तिरंगा फहराया

इससे पहले, पूर्व मंत्री अनिल विज ने सुभाष पार्क के समक्ष भारतीय जनता पार्टी अम्बाला छावनी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में तिरंगा फहराया। पार्क में नेता जी की प्रतिमा के समक्ष उन्होंने पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें नमन व सैल्यूट किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज भारी बरसात में भी इतने सारे लोगों का यहां आकर स्वतंत्रता दिवस मनाना उनके देश-प्रेम की भक्ति का प्रमाण सिद्ध करता है। हम अनेकों वर्षों से सुभाष पार्क के समक्ष तिरंगा फहराते आ रहे हैं और आज के दिन हमने क्या खोया, क्या पाया और हमारी आगे के लिए क्या दिशा है। आज स्वतंत्रता दिवस 2047 में विकसित भारत के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है।

देश को आजादी दिलाने में नेता सुभाष चंद्र बोस की बड़ी भूमिका : अनिल विज

श्री विज ने कहा कि नेता जी सुभाष चंद्र बोस की देश को आजादी दिलाने में बहुत बड़ी भूमिका है। अंग्रेज सरकार जिसके शासन में सूरज डूबता नहीं था, अंग्रेजों के खिलाफ शास्त्र उठाते हुए सेना बनाना व युद्ध करना यह नेता जी ने किया जिसको भुलाया नहीं जा सकता। सबसे पहले इस देश की धरती पर अंडेमान-निकोबार में आजाद भारत की सरकार बनाना यह नेताजी ने किया। इसलिए उन्होंने जब पार्क बनाया तो उसका नाम सुभाष चंद्र बोस पार्क रखा।

इससे पहले, सुभाष पार्क और कोहाट धर्मशाला में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री अनिल विज का जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व मंत्री अनिल विज ने दोनों स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों की हर टीम को 21-21 हजार रुपए अपने स्वैच्छिक कोष से देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *