September 20, 2024

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने रविवार को हरियाणा स्थित गुरुग्राम के सोहना में बदलाव जनसभा की। सभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा पिछले 10 साल से है, लेकिन कोई काम नहीं किया। अब विधानसभा चुनाव नजदीक है।

मेरी हरियाणा के लोगों से अपील है कि इस बार आप अपने बेटे अरविंद केजरीवाल को अपना घर ठीक करने की जिम्मेदारी दें। उन्होंने दिल्ली-पंजाब में बदलाव कर के दिखाया है और अब हरियाणा में बदलाव की बारी है। ‘‘आप’’ की सरकार बनने पर हरियाणा के लोगों को भी दिल्ली-पंजाब की तरह मुफ्त और 24 घंटे बिजली मिलेगी।

हर गांव-शहर में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे, सरकारी स्कूल-अस्पताल अच्छे किए जाएंगे और सबको मुफ्त व शानदार शिक्षा व इलाज मिलेगा। इसके अलावा, हर महिला को एक हजार रुपए प्रतिमाह और बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।

इस दौरान ‘‘आप’’ हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, धमेंद्र खटाना, बीरू सरपंच, मुकेश डागर, डॉ. सारिका वर्मा, धीरज यादव, एडवोकेट निशांत आनंद, एडवोकेट दिनेश यादव समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सोहना में ‘बदलाव जनसभा’ को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के लाल हैं। 1994 में मेरी इनसे शादी हुई थी। उस समय उनका परिवार हिसार में रहता था। वहां उनके पिता नौकरी करते थे। अरविंद का जन्म तो सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश हिसार में हुई थी।

उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली का मुख्यमंत्री बन जाएगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि भगवान उनसे कुछ बड़ा करवाना चाह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम किया। ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई।

आज पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल को उनके कामों से जानते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया।

शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी। बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा कर दी और अब हर महीने हर महिला को एक हजार रुपए की सम्मान राशि देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी ने जनता के लिए ये काम नहीं किए हैं। जनता बताए कि क्या कोई ऐसी पार्टी है, जिसने स्कूल अच्छे किए हों, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हों या सरकारी अस्पताल अच्छे किए हों, किसी ने बिजली फ्री की हो? ऐसे काम केवल हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं।

इसलिए मोदी जी अरविंद केजरीवाल से जलते हैं। इसलिए अरविंद केजरीवाल को फर्जी केस में जेल में डाल दिया। वो कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल चोर है। मैं कहती हूं कि अगर अरविंद केजरीवाल चोर हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। मोदी जी ने हरियाणा के बेटे को जेल में डाला कर हरियाणा के लोगों को ललकारा है।

मैं हरियाणा की बहू आपसे पूछती हूं कि क्या हरियाणा की जनता अपने बेटे का अपमान चुपचाप सहन करेगी? केजरीवाल शेर है और वो मोदी जी के सामने झुकेंगे नहीं। हम अब चुप नहीं बैठेंगे। मोदी जी गुजरात से हैं। जब 2014 में मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो गुजरात ने सारी सीटें बीजेपी को दे दी। आपके अरविंद केजरीवाल ने देश और दुनिया में हरियाणा का नाम रौशन किया है। अब आप भी उनका साथ दीजिए।

उन्होंने कहा कि तीन महीने बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव है। बीजेपी को एक वोट नहीं जाना चाहिए। अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से जीताना है। ये बात अरविंद केजरीवाल की नहीं है, ये हरियाणा की इज्जत का सवाल है। जनता हर चीज पर टैक्स देती है। इसलिए जनता को अधिकार है कि सरकार उनको अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं दे।

बीजेपी ने जनता को 10 साल में कुछ नहीं दिया। उनको विकास से कोई मतलब नहीं है। सोहना के खेल स्टेडियम में कोई सुविधा नहीं है, कोच भी नहीं है। सोहना में सरकारी कॉलेज नहीं है। यहां के बच्चे पढ़ने के लिए कहां जाएंगे। बीजेपी सरकार ने आपको आयुषमान कार्ड दे दिया लेकिन प्राइवेट अस्पताल में इलाज नहीं करा सकते। क्योंकि सरकार प्राइवेट अस्पताल को पैसे नहीं देती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *