October 6, 2024

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के लोगों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिनके खुद के बही खाते खराब हैं, वे आज वर्तमान सरकार से हिसाब मांगने की बात कर रहे हैं। विपक्ष ने अपने कार्यकाल में विकास के नाम पर केवल लोगों से झूठ बोलकर वोट लेने का काम किया है जबकि असली विकास कार्य तो वर्ष 2014 के बाद देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया है। आज विपक्ष के पास झूठ बोलने के अलावा और कुछ नहीं है।

मुख्यमंत्री धन्यवादी दौरे के दौरान गांव डबरी में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपने कार्यकाल में जनता की उम्मीदों के अनुरूप काम नहीं किया और अब वे झूठ बोलकर जनता से वोट की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास झूठ के अलावा कोई काम नहीं है और ना ही उनके पास कोई मुद्दा है। विपक्ष ने लोकसभा के चुनाव में भी संविधान बदलने की बात कह कर लोगों के बीच में झूठ बोलने का काम किया।

जबकि संविधान से छेड़खानी का काम कांग्रेस ने ही किया है। मुख्यमंत्री करनाल में दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को मुख्यमंत्री सबसे पहले सेक्टर 7 स्थित श्री कर्णेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचे, बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और प्रदेश की जनता की सुख समृद्धि के लिए मंगलमय कामना की। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल सोमवार से सावन मास शुरू होने जा रहा है। इसके लिए सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं है।

मुख्यमंत्री इसके बाद एडवोकेट विजय वेदपाल के निवास स्थान पहुंचे जहां पर ढोल नगाड़े बजाकर तथा फूल माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने विधानसभा व लोकसभा चुनाव में करनाल से कमल के फूल को भारी विजय दिलाने के लिए धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री इसके बाद गांव डबरी पहुंचे। वहां पर भी ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गुरू घर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा ग्राम पंचायत द्वारा रखी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार एक्शन मोड में है और जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला मुख्यालय व खंड स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे अपनी समस्याओं का समाधान के लिए समाधान शिविरों में जाएं और अपनी समस्याएं उपायुक्त के सामने रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबरी गांव में एक करोड़ 35 लाख रुपए के विकास कार्य हो चुके हैं। गांव की पंचायत द्वारा मांग पत्र दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा तथा विकास कार्य में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने ऐच्छिक कोष से गांव में विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस गरीब लोगों को प्लाट देने की बात कह रही है। उन्होंने ना तो उन प्लॉटों का कब्जा दिया और ना ही उनकी रजिस्ट्री सौंपी, जबकि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद हमारी सरकार द्वारा 20 हजार लोगों को उनके प्लॉट के कब्जे दिए गए तथा रजिस्ट्रियां सौंपी गई। इतना ही नहीं जिन लोगों को अब तक प्लॉट नहीं मिले हैं उनके लिए पोर्टल खोल दिया गया है। पंजीकरण के बाद इनको भी प्लॉट दिए जाएंगे जिन गांवों में जमीन नहीं है वहां प्लॉट खरीदने के लिए 1 लाख रुपये सरकार की तरफ से दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *