September 21, 2024

हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर शहर के 160 विकास कार्यों को पूरा करने के लिए प्रदेश करीब 26 करोड़ रुपए की राशि के बजट की मंजूरी दे दी है। इस बजट में से 20 करोड़ रुपए की राशि नगर परिषद को जारी कर दी है।

अहम पहलू यह है कि इन विकास कार्यों में सेक्टर 13 और 7 में बरसाती पानी की निकासी की परियोजना को पूरा किया जाएगा। इस परियोजना से हजारों लोगों को बरसाती पानी के निकासी से राहत मिलेगी।

राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के समक्ष थानेसर हल्का के विकास के लिए जितने भी छोटी और बड़ी परियोजनाएं रखी गई है, उन सभी परियोजनाओं को प्रदेश सरकार की तरफ से अनुमति प्रदान कर दी गई है और जो प्रस्ताव सरकार के पास अभी लंबित है।

उन प्रस्तावित विकास कार्यों पर भी प्रदेश सरकार जल्द मोहर लगा देगी। इस शहर में पिछले कई दिनों से विकास कार्यों पर फोकस रखकर कार्य किया जा रहा है और इस शहर की प्रत्येक गली और मुख्य सडक़ को चकाचक बनाने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभी हाल में ही शहर की गलियों, नालियों, सीवरेज व्यवस्था, पानी की निकासी, बड़ी सडक़ों के निर्माण सहित अन्य प्रकार के 160 से भी ज्यादा विकास कार्यों को पूरा करने की अनुमति प्रदान की है।

राज्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार ने 26 करोड़ रुपए बजट की मंजूरी दी है और इसमें से 20 करोड़ रुपए की राशि तुरंत विकास कार्यों को पूरा करने के लिए जारी कर दी है।

इस बजट में से शेष बची 6 करोड़ रुपए की राशि प्रदेश सरकार की तरफ से जल्द जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पावर ग्रीड चौक से लेकर आयुर्वेदिक चौक तक सडक़ को डबल किया जाएगा। यह सडक़ लोटस ग्रीन सिटी सेक्टर 9 के आगे से बनाई जाएगी।

इससे रोजाना होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं और जाम जैसी समस्या से भी निजात मिलेगी। इस सडक़ के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि मंजूर की गई है।

इतना ही नहीं सरकार ने आयुर्वेदिक चौके से लेकर सर्किट हाउस चौक तक सडक़ को डबल करने की परियोजना को मंजूरी दी है। इस सडक़ के निर्माण के लिए 60 लाख का बजट मंजूर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *