October 22, 2024

चंडीगढ़/समृद्धि पराशर: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि गरीब व जरूरतमंद नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संकल्प को पूरा करने हेतु शुरू की गई निरोगी हरियाणा योजना सकारात्मक परिणाम ला रही है। अब तक इस योजना के तहत 13 लाख 70 हजार नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जा चुकी है। समय पर स्वास्थ्य जांच होने से अनेक लोगों में बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर ही पता लग रहा है, जिससे बीमारियों का आरंभिक अवस्था में ही इलाज संभव हो रहा है।

मुख्यमंत्री आज यहां अंतरराष्ट्रीय डॉक्टर्स-डे के अवसर पर सीएम की विशेष चर्चा कार्यक्रम के तहत ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निरोगी हरियाणा योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद कर रहे थे।

संवाद के दौरान लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की योजना चलाकर हरियाणा सरकार ने जरूरतमंदों को बहुत बड़ा लाभ दिया है। पहले किसी भी प्रकार के टेस्ट तभी करवाते थे, जब शरीर में कभी दर्द या कोई अन्य प्रकार की समस्या होती थी। वरना कभी टेस्ट करवाने के बारे में सोचते ही नहीं थे। ऐसी योजना चलाकर हम जैसे नागरिकों के मुफ्त में टेस्ट करवाए जा रहे हैं, इससे बड़ा लाभ हमारे लिए ओर कुछ नहीं हो सकता।

मनोहर लाल ने कहा कि “सर्वे भवन्तु सुखिन : सर्वे सन्तु निरामयाः” के लक्ष्य के साथ प्रदेश के नागरिकों को उच्चकोटि की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार संकल्पबद्ध है। निरोगी हरियाणा योजना भी अंत्योदय अभियान का ही एक हिस्सा है। गरीब की आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति में सुधार के अलावा उसके उत्तम स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना भी एक हमारा लक्ष्य था। इसीलिए 29 नवम्बर, 2022 को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदेश में निरोगी हरियाणा योजना का शुभारम्भ किया गया।

योजना के पहले चरण में 30 लाख 60 हजार अंत्योदय परिवारों के स्वास्थ्य की जांच करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि निरोगी हरियाणा योजना का उद्देश्य प्रदेश की सम्पूर्ण जनसंख्या की 2 साल में कम से कम एक बार सम्पूर्ण स्वास्थ्य जांच करना है। इसके प्रथम चरण में 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले 30 लाख 60 हजार अंत्योदय परिवारों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। इन परिवारों में कुल 1 करोड़ 21 लाख 54 हजार सदस्य हैं। इन सबके स्वास्थ्य की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

अब तक स्वास्थ्य जांच के दौरान 2 लाख 13 हजार लोग किसी न किसी बीमारी से पाए गए ग्रस्त

मनोहर लाल ने कहा कि योजना के तहत की जा रही स्वास्थ्य जांच के दौरान अब तक 2 लाख 13 हजार लोग किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त पाये गये हैं। इनमें से लगभग 55 हजार लोग एनीमिया से ग्रस्त पाये गये हैं। इनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा है। इसलिए बहन – बेटियों से अनुरोध करता हूं कि अपने स्वास्थ्य की जांच समय – समय पर करवाती रहें और डॉक्टर द्वारा दी गई आयरन की गोली अथवा अन्य दवाई समय पर लें। इसी प्रकार, ब्लड प्रेशर के भी काफी मरीज मिल रहे हैं। जांच में लगभग 35 हजार से ज्यादा लोग ब्लड प्रेशर से पीड़ित पाये गये। इसके अलावा 24,800 लोग शुगर के मरीज मिले हैं। 3000 बच्चों में कुपोषण के लक्षण पाए गए। टी.बी. के 1257 और कैंसर तक के मरीज जांच में मिले हैं। साढ़े 23 हजार लोगों को अस्पतालों में ईलाज के लिए रेफर भी किया गया और अधिकतर का ईलाज हो गया है या चल रहा है। इससे पता चलता है कि स्वास्थ्य की जांच करवाना कितना जरूरी है।

योजना में 25 से अधिक मानकों पर वार्षिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मुफ्त करवाई जा रही उपलब्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि निरोगी हरियाणा योजना में 25 से अधिक मानकों पर वार्षिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही है। वर्तमान में 458 स्थानों पर यह टेस्ट किए जा रहे हैं। लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा है, इसलिए इस कार्य में निजी क्षेत्र का भी सहयोग लेना होगा। इसके लिए भी योजना बनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने की नागरिकों से दिनचर्या में योग व व्यायाम को शामिल करने की अपील

मनोहर लाल ने कहा कि बीमारी से बचना बीमार होने से बेहतर है। इसलिए अपने शरीर को स्वस्थ बनाए रखें ताकि बीमार हो न हों। इसके लिए उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपनी दिनचर्या में योग अथवा व्यायाम को अवश्य शामिल करें। साथ ही स्वस्थ खानपान पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद शरीर को निरोगी रखने की बहुत पुरानी पद्धति है। इसलिए सरकार ने गांवों में योगशालाएं/ व्यायामशालाएं खोली हैं ताकि लोग योग व व्यायाम करके अपने शरीर को निरोगी रखें।

80 लाख लोगों के बन चुके आयुष्मान भारत – चिरायु कार्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे की कमी के कारण ईलाज न करवाने की गरीब लोगों की पीड़ा को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब परिवारों के उपचार के लिए प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। हरियाणा सरकार ने भी इसका विस्तार करते हुए चिरायु हरियाणा योजना को आरंभ किया है। इसमें 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को 5 लाख रुपये वार्षिक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। अब इसमें 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार भी शामिल किये जाएंगे। इस योजना में प्रदेश के लगभग 29 लाख परिवार कवर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 1.11 करोड़ व्यक्ति आयुष्मान भारत – चिरायु योजना के पात्र हैं। इस योजना में लगभग 80 लाख लोगों के आयुष्मान भारत – चिरायु कार्ड बन चुके हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ जी अनुपमा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *