
ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन द्वारा अंबाला शहर के एक निजी पैलेस में ब्राह्मण रतन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा जनचेतना पार्टी (वी) के अध्यक्ष विनोद शर्मा मुख्यातिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी संजीव भारद्वाज ने की।
अंबाला में पहली बार ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन द्वारा इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ब्राह्मण समाज के मेधावी छात्रों व खेल के साथ साथ अन्य फील्ड में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने दीप प्रज्जविल करते हुए किया।
अंबाला शहर के एक निजी पैलेस में आयोजित किए गए कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचने पर ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन के पदािधकारियों पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर मंच से बोलते हुए सुरेंद्र मोहन वत्स ने कहा कि पंडित विनोद शर्मा ने ही हरियाणा में पहली बार ब्राह्मणों को आर्थिक आधार पर सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिलाया था।
संगठन के महासचिव सुरेंद्र मोहन वत्स व जयभगवान शर्मा ने ब्राह्मण कल्याण आयोग बनाए जाने की मांग की। इस अवसर पर 10वीं व 12वीं कक्षा में अच्छे अंक हासिल करने वाली छात्राओं व छात्रों को सम्मानित किया गया। तो वहीं दूसरी तरफ खेलों, पंचायत चुनाव, जिला परिषद चुनाव, पुलिस विभाग सहित अन्य फील्ड में काम करते हुए ब्राह्मण समाज का नाम ऊंचा करने वाले लोगों को ब्राह्मण रतन सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व केंद्रीय मंंत्री विनोद शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन ने निश्चिततौर पर जो ब्राह्मण समाज के लोगों को एक मंच पर जाने का प्रयास किया है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उन बच्चों व लोगों को सम्मानित किया जाना सही है, जिन्होंने समाज का सिर ऊपर उठाने के लिए काम किया है।
लोगों को संबोधित करते हुए विनोद शर्मा ने कहा कि हमेशा लक्ष्य बड़ा होना चाहिए, तभी उसे हासिल किया जा सकता है और निश्चिततौर पर ब्राह्मण एकता शक्ति संगठन उसी सोच पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को तीन बातों पर काम करना है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को एक जुट होना होगा और जिसके बाद वह अपनी शक्ति दिखाएंगे और संगठन को मजबूत करना होगा। यदि ब्राह्मण समाज ने इन तीन बातों पर काम किया तो किसी अन्य की जरूरत नहीं रहेगी।