October 19, 2024

लंदन में आयोजित कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत कर लौटी बूड़िया निवासी अदिति रघुवंशी का वीरवार को शहर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर उसके सम्मान में वीरवार को मेयर हाउस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर मदन चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, कराटे कोच जय प्रकाश, जिला खेल अधिकारी राजेंद्र गुप्ता, पार्षद विनोद मरवाह, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू व अन्य ने फूलमालाएं पहनाकर व ढोल बजाकर अदिति रघुवंशी का स्वागत किया।
अदिति ने बताया कि उसने नेहरू पार्क स्थित अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट में अभ्यास किया। उसके राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर ही उसका चयन कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप-2022 के लिए हुआ। इसमें चयन होने के बाद उसने दिल्ली में ट्रेनिंग की। यह चैंपियनशिप आठ से दस सितंबर तक लंदन में हुई। इसमें उसने प्लस 68 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया। उसका मुकाबला दो बार इंग्लैंड और एक बार ऑस्ट्रेलिया से हुआ। दोनों देशों के खिलाड़ियों के साथ उसके कड़े मुकाबले हुए और कांस्य पदक पर कब्जा किया। उसका सपना ओलंपिक में देश के लिए खेलने और पदक जीतने का है। इसके लिए वह लगातार 12 वर्षों से अभ्यास कर रही है। अब कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर उसकी वर्ल्ड गेम्स में पदक लाने के लिए तैयारी होगी।
इस दौरान ‌मेयर मदन चौहान व विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने पदक विजेता अदिति को आशीर्वाद दिया। मेयर चौहान ने कहा कि बेटियां आज किसी से भी कम नहीं है। खेल का मैदान हो, विज्ञान हो या शिक्षा का क्षेत्र हो। हर क्षेत्र में बेटियां सबसे आगे बढ़कर चल रही है। इसका ‌ताजा उदाहरण अदिति है। जिसने लंदन में जाकर देश के लिए पदक जीता। दूसरे देश में जाकर वहां से पदक जीतकर लाना बहुत ही गौरव की बात है। अदिति ने यमुनानगर के साथ साथ हरियाणा व देश का नाम भी रोशन किया है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा में खेलते समय बहुत दबाव होते है। अदिति ने उसे बताया कि खेलने से पहले उसके मन में बहुत उधेड़बुन चल रही थी। लेकिन मैट पर आते ही उसके मन में प्रतिस्पर्धा जीतने का ही भाव आया। उसके बाद उसने अपना पूरा ध्यान प्रतिस्पर्धा जीतने में लगाया। जिससे वह कांस्य पदक जीती। इसके लिए बूड़िया क्षेत्रवासियों व जिला वासियों का बधाई। आज बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *