September 20, 2024

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें हरियाणा के गृह मंत्री श्री अनिल विज देशभक्ति के रंग में रंगे दिखे और उन्होंने पूरी यात्रा के दौरान हाथ में तिरंगा थामे रखा। श्री विज यात्रा में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाकर जोश का संचार भी किया।


गुरूवार को अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से आरंभ की गई यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा आम जनता ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। समूचा शहर यात्रा के दौरान तिरंगामय हो गया। घरों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर लोगों ने तिरंगे लगाकर जगह-जगह यात्रा का जोरदार स्वागत फूलों की बरखा एवं रंग-बिंरगी आतिशबाजी से किया।

दोपहर रेस्ट हाउस से प्रारंभ हुई यात्रा कैपिटल चौक, राय मार्केट, विजय रतन चौक, सदर बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, पुल चमेली, कसेरा बाजार, कबाड़ी बाजार, गुरू नानक चौक, फुटबाल चौक से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पर देर शाम संपन्न हुई। यात्रा का जबरदस्त उत्साह पार्टी कार्यकर्ताओं एवं लोगों में देखने को मिला और पूरी यात्रा में वह देशभक्ति गीतों की धुनों पर वह जमकर झूमें।


यात्रा के दौरान गृह मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अमृत महोत्सव मनाने का आह्वान किया है और इसी के तहत समूचे देश में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसी क्रम में अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें समूचा अम्बाला छावनी तिरंगा मय हो गया और सभी तरफ तिरंगे ही तिरंगे नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर घरों से निकले।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सारे देश को एक सूत्र में पिरोना चाहते हैं। हमारे देश में अलग-अलग प्रांत, अलग-अलग भाषा एवं रीति-रिवाज है, सारे देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए तिरंगे से ज्यादा कोई चीज नहीं हो सकती, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी जी ने तिरंगा यात्रा निकालने एवं हर घर तिरंगा लहराने का आह्वान किया है और शहर में लोग अपने घरों, दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों में तिरंगा लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *