April 20, 2025
murder
हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक शख्स ने एकतरफा प्यार में ना केवल महिला को घर में घुसकर चाकू से लहुलुहान किया, बल्कि खुद के पेट में भी चाकू घोंप लिया। दोनों को गंभीर अवस्था में बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां दोनों की गम्भीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
मामला बहादुरगढ़ के विवेकानंद नगर का है। यहां उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई निवासी सुशीला (35) बहादुरगढ़ शहर के विवेकानंद नगर की गली नंबर-11 में परिवार सहित किराए पर रहती है। वहीं हरदोई के गांव मसूद नगर पुरैला निवासी सुनील (22) पास में ही रहता है। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते है।
अपनी उम्र से 13 साल बड़ी सुशीला से सुनील एकतरफा प्यार करने लग गया। घायल सुशीला बताया कि एकतरफा प्यार के चलते ही वह काफी दिनों से उसका पीछा भी कर रहा था। इसी के चलते मंगलवार की सुबह वह उसके घर पहुंच गया। सुनील को देखते ही सुशीला ने दरवाजा बंद कर दिया।
सुनील ने काफी देर तो दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने तोड़ दिया और अंदर घुसते ही सुशीला पर चाकू से हमला शुरू कर दिया। सुशीला लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद सुनील ने खुद के पेट में भी चाकू घोंप लिया। दोनों को घर में लहुलुहान पड़ा देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया।
शोर शराबा सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही इसकी सूचना लाइनपार थाना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सुशीला ने बताया कि सुनील काफी दिन से उसके पीछे पीडीए हुआ था। उसे बार बार फोन कर परेशान भी कर रहा था। लेकिन सुशीला ने सुनील का फोन उठाना बन्द कर दिया था। इसी से सुनील तैश में आ गया और चाकू से सुशीला पर हमला बोल दिया। और बाद में खुद को भी चाकू मार कर घायल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *