April 8, 2026
8 april 5
  • रोडवेज ड्राइवर और होमगार्ड बुलाए, शहीद का दर्जा और एक करोड़ सहायता की मांग

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा अग्निशमन विभाग के लगभग दो हजार अस्थायी फायर ब्रिगेड कर्मचारी आज से दो दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारी वेतन सुधार, स्थायी नियुक्ति, बेहतर सुविधाएं और फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए साथियों को शहीद का दर्जा देने समेत अन्य मांग कर रहे हैं।

हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर शुरू हुई हड़ताल में अकेले गुरुग्राम में करीब 200 कर्मचारी शामिल हैं। यूनियन नेताओं का आरोप है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों को सरकार नजरअंदाज कर रही है।

शहीद का दर्जा देने की मांग

16 फरवरी को फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में हुए भयानक अग्निकांड और विस्फोट में दो दमकल कर्मी शहीद हो गए थे। इसके बावजूद शहीद कर्मियों के परिवारों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए, इसके खिलाफ कर्मचारियों में गहरा रोष है।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 9 अप्रैल तक मांगें पूरी नहीं की गईं, तो यह दो दिवसीय हड़ताल अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दी जाएगी। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि हम अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करते हैं, लेकिन सरकार हमसे सौतेला व्यवहार कर रही है। अब धैर्य की सीमा समाप्त हो चुकी है, न्याय नहीं तो काम नहीं।

फायर ब्रिगेड सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

हड़ताल के दौरान फायर ब्रिगेड सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी। आपातकालीन स्थितियों में आग या दुर्घटना होने पर आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि विभाग की तरफ से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

गुरुग्राम में रोडवेज ड्राइवर और होमगार्ड बुलाए

इस संबंध में फायर अधिकारी जयनारायण ने बताया कि गुरुग्राम में फायर ब्रिगेड प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रोडवेज से 50 ड्राइवरों और 150 होमगार्ड कर्मियों की मदद मांगी है, ताकि न्यूनतम सेवाएं जारी रखी जा सकें।