April 2, 2026
2 april 12
  • आरोपी टीचर के तबादले की मांग, गेट पर जड़ा ताला

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज :महेंद्रगढ़ जिले के आकोदा गांव में स्थित गवर्नमेंट दुलीचंद मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बाहर ग्रामीणों ने गुरुवार को धरना प्रदर्शन किया। वे स्कूल में हुई चोरी के मामले में आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई और उसके तबादले की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर बैठकर विरोध जताया, जिसके कारण स्कूल सुबह खुल नहीं सका और ताला लगा रहा।

धरने के कारण स्कूल का स्टाफ भी अंदर नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने स्टाफ को स्कूल के अंदर जाने देने का अनुरोध किया, लेकिन पूर्व सरपंच जितेंद्र और अन्य ग्रामीणों ने इसका विरोध किया।

बीईओ मौके पर पहुंचे
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक कोई उच्च अधिकारी मौके पर नहीं आएगा, तब तक स्टाफ को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। कुछ समय बाद खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) जगमाल सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।

पंचायत लिखकर दे प्रस्ताव

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि यदि पंचायत की ओर से आरोपी टीचर के तबादले की लिखित मांग की जाती है, तो संबंधित विभाग को पत्र भेजकर उसका स्थानांतरण करवा दिया जाएगा। बीईओ के इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्कूल के अंदर टीचरों को जाने दिया गया। इसके बाद स्कूल का कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो सका।

चोरी से जुड़ा एक टीचर पकड़ा

गौरतलब है कि यह पूरा मामला स्कूल में हुई चोरी से जुड़ा है। स्कूल की प्राचार्य सुषमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 16 मार्च को स्कूल में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी में स्कूल का ही एक टीचर शामिल था। जांच के दौरान आरोपी टीचर के पास से चोरी किया गया सीपीयू भी बरामद किया गया था।

विरोध जारी रखने की चेतावनी

पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया था, हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई। ग्रामीण अब भी आरोपी टीचर के तबादले की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उसका यहां से स्थानांतरण नहीं होगा, तब तक वे अपना विरोध जारी रखेंगे।