- मार्च माह में 19 प्रतिशत ज्यादा बरसात, सामान्य से नीचे तापमान
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है।
बता दें कि मार्च में एक के बाद एक कई पश्चिमी विक्षोभ आए, जिसके प्रभाव से हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में मार्च महीने में 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। प्रदेश में इस महीने औसतन करीब 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (15.1 मिमी) से ज्यादा है। सबसे ज्यादा बारिश रोहतक और रेवाड़ी जिले में हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। आने वाले दिनों में हवाओं की दिशा बदलने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री गिरा
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। औसतन 1.1°C की कमी आई है, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे कम 13.9°C तापमान सोनीपत में रिकॉर्ड हुआ। हिसार में 17.2°C, करनाल में 15.5°C और रोहतक में 17.2°C दर्ज किया गया। गुरुग्राम में करीब 16°C और भिवानी-सिरसा में तापमान 20°C के आसपास रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट
प्रदेश में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन यह सामान्य से 2.2°C कम बना हुआ है। सबसे ज्यादा 33°C तापमान अंबाला में दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 32.8°C, रोहतक में 32.6°C और करनाल में 32.1°C रहा। हिसार में 30.8°C और नारनौल में 27.5°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। बादलों और हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 3-4 अप्रैल को बारिश और बादलों के चलते दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी।
रोहतक-रेवाड़ी में सबसे ज्यादा बारिश
हरियाणा में मार्च 2026 के दौरान मौसम ने कई बार करवट ली और इसका असर बारिश के आंकड़ों में साफ दिखा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस महीने औसतन करीब 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य (15.1 मिमी) से ज्यादा है।
यानी पूरे प्रदेश में कुल मिलाकर करीब 19% अधिक बारिश हुई। मार्च महीने में रोहतक में सबसे ज्यादा 37.9 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रेवाड़ी में 36.8 मिमी, चरखी दादरी में 36.0 मिमी, भिवानी में 26.8 मिमी, पलवल में 23.0 मिमी बारिश हुई।
सिरसा-जींद में सबसे कम बारिश
कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही। इसमें सिरसा में 5.2 मिमी सबसे कम बारिश हुई। जींद में 6.4 मिमी, फतेहाबाद में 7.3 मिमी, अंबाला में 11.0 मिमी और यमुनानगर 19.8 मिमी बारिश हुई जो सामान्य से 33 मिमी से कम रही।