March 31, 2026
31 march 5
  • रात को पहुंचे नकाबपोश बदमाश, 8 राउंड गोलियां चलाई, पुलिस ने की नाकाबंदी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाइवुड फैक्ट्री पर देर रात अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे जठलाना स्थित Trenox Laminate कंपनी के गेट पर दो बाइक सवार युवकों ने अचानक हमला बोल दिया।

दोनों बदमाशों के चेहरे ढके हुए थे

दोनों बदमाशों के चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में हथियार थे। आते ही उन्होंने फैक्ट्री गेट को निशाना बनाते हुए लगातार करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां गेट को चीरते हुए अंदर खड़े ट्रक तक जा पहुंची, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। एसपी कमलदीप गाेयल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस को मौके गोलियों के आठ खोल बरामद हुए हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। वहीं आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए विभिन्न टीमें छापेमारी कर रही हैं।

श्रमिकों में फैली दहशत

घटना के वक्त सिक्योरिटी रूम में मौजूद शिकायतकर्ता नवजोत निवासी पुराना हमीदा ने बताया कि वह पिछले करीब चार साल से फैक्ट्री में कार्यरत है। बीती रात करीब 10 बजे वह फैक्ट्री के गेट के पास बने सिक्योरिटी रूम में मौजूद था। तभी दो युवक, जिनके चेहरे ढके हुए थे और हाथों में हथियार थे, वहां पहुंचे।

आते ही उन्होंने फैक्ट्री के गेट की तरफ फायरिंग शुरू कर दी और लगातार करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों युवक मौके से भाग गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह सरेआम गोलीबारी करने से न केवल फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई, बल्कि आम जनता की शांति भी भंग हुई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

विभिन्न एंगलों से जांच करने में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले में विभिन्न एंगल से जांच कर रही है, जिसमें फैक्ट्री की पार्टनरशिप से जुड़े मामले की भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में इसे दहशत फैलाने की कोशिश माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।