- युवाओं को देंगे ट्रेनिंग, रायपुर में 30 मार्च से खेल
- ग्रामीणों में खुशी की लहर
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के तत्वावधान में भारतीय तीरंदाजी संघ के सौजन्य से रायपुर (छत्तीसगढ़) में 30 मार्च से 3 अप्रैल तक खेलो इंडिया जनजातीय खेलों का आयोजन किया जाएगा। इन खेलों के संचालन के लिए जारी 25 सदस्यीय सूची में महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल के मोहल्ला जमालपुर के तीरंदाज सोमेश को शूटिंग निदेशक नियुक्त किया गया है।
खास बात यह है कि हरियाणा प्रदेश से इस सूची में केवल सोमेश को ही यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमेश की नियुक्ति से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। परिजनों ने इसे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात बताते हुए उन्हें बधाई दी है। वहीं उनके मित्रों और खेल प्रेमियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी।
निभा चुके अनेक जिम्मेदारियां
बताया जा रहा है कि सोमेश इससे पहले भी राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। हालांकि खेलो इंडिया जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शूटिंग निदेशक के रूप में नियुक्ति मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
युवाओं को दे रहे प्रशिक्षण
वर्तमान में सोमेश अपनी तीरंदाजी अकादमी के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं और उन्हें प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं। उनकी अकादमी से कई खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
कईयों का आभार जताया
अपनी नियुक्ति पर सोमेश ने भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, महासचिव वीरेंद्र सचदेवा, कोच सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व की बात है और वे इसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।