March 27, 2026
27 march 8
  • शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बयानों का मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने किया खंडन, बोले- ये साजिश

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : मुस्लिम राष्ट्रीय मंच (MRM) ने डॉ. इंद्रेश कुमार के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणियों और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले बयानों पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। शुक्रवार को पानीपत स्थित PWD रेस्ट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा हाल ही में दिए गए बयानों को तथ्यहीन और समाज में भ्रम फैलाने वाला करार दिया।

तथ्यहीन और भ्रामक हैं आरोप- इमरान खान

प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए मुस्लिम राष्ट्रीय मंच, हरियाणा के प्रदेश सह-संयोजक इमरान खान ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से देश में भेदभाव और तुष्टिकरण को बढ़ावा देने वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदरणीय डॉ. इंद्रेश कुमार के संबंध में जो अभद्र और असत्य आरोप लगाए गए हैं, उनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

इमरान खान ने कहा, इस प्रकार की दुर्भावनापूर्ण टिप्पणियाँ समाज के आपसी सौहार्द और विश्वास को कमजोर करने का एक सोचा-समझा प्रयास हैं, जिन्हें राष्ट्रहित में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राष्ट्रहित और समरसता के लिए प्रतिबद्ध संगठन

प्रेसवार्ता के दौरान इमरान खान ने जोर देकर कहा कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच सदैव राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहा है। संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर देश की अखंडता को सुदृढ़ करना है।

उन्होंने कहा कि इन आरोपों का तथ्यात्मक खंडन करना इसलिए आवश्यक है, ताकि जनता के बीच किसी भी प्रकार की भ्रांति न रहे।

साझा जिम्मेदारी का दिया संदेश

इस अवसर पर उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी एक सुर में कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी, कि किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार या षड्यंत्र का डटकर विरोध किया जाएगा।

अंत में, इमरान खान ने मीडिया जगत से आह्वान किया कि वे इस विषय को निष्पक्षता के साथ जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि सत्य स्थापित हो सके।