March 23, 2026
23 march 6
  • पंजाब-यूपी से कुरुक्षेत्र आए, ट्रैफिक डायवर्ट, पुलिस-वज्र वाहन तैनात
  • चढूनी बोले-रोका तो रिजल्ट अच्छे नहीं होंगे

हरियाणा ब्रे​किंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसान मजदूर जन क्रांति रैली शुरू हो गई है। किसान यूनियन भारत-यूएस ट्रेड डील और हरियाणा धान घोटाले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। राजस्थान, यूपी और पंजाब समेत देश भर से किसान यहां पहुंचे हैं।

रैली में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष और किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी वीडियो कॉल पर जुड़े। नेताओं ने बताया कि कुछ दिन पहले ही चढूनी ब्यास नदी स्नान करने गए थे। जहां उनका पैर फिसलने से उन्हें फ्रैक्चर हो गया।

रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- पुलिस किसी को भी रैली में आने से रोकने की कोशिश भी ना करें। हमें आराम से रैली करने दो। चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने किसानों को रोकने की कोशिश की, तो रिजल्ट अच्छे नहीं होंगे। उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह पुलिस पर होगी। साथ ही किसान भी पुलिस से किसी भी बात को लेकर बहस ना करें।

वहीं, जिला पुलिस ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी बल तैनात किया है। अनाज मंडी पिपली के बाहर के पुलिस बेरिकेडिंग और वज्र वाहन के साथ डटी है। पुलिस लाइन में पुलिस को फोर्स को इमरजेंसी हालात से निपटने के लिए तैयार रहने के आदेश हैं। साथ ही रोडवेज की बसें भी तैयार रखी है।

चढूनी बोले- पुलिस रोके तो पैदल रैली में पहुंचें

चढूनी ने आगे कहा कि पुलिस से उलझना नहीं है, पुलिस चाहे लाठी चलाई, पीटे, गोली मारी या जेल में डाले। कोई भी वापस घर नहीं जाएगा, रैली में पहुंचना ही है। चाहे खेतों से पैदल होकर भी पहुंचना पड़े। ये रैली अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ है। ये डील किसानों के रोजगार, खेती और पूरे देश के लिए खतरे की घंटी है।

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

जिला पुलिस ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। SP नीतिश अग्रवाल के मुताबिक, कल 23 मार्च पीपली चौक पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए जिला पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट प्लान बनाया है। पुलिस ने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और रूट प्लान से यात्रा करने का आह्वान किया।